Sunday, January 2, 2022

अंतः जगत के शब्द-शिल्पी : जैनेंद्र कुमार


जैनेंद्र कुमार का जन्म २ जनवरी १९०५  को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ ज़िलान्तर्गत कौड़िया गंज में हुआ था और उनका देहावसान २४  दिसंबर १९८८  को हुआ। जब उनकी उम्र मात्र २ वर्ष थी, उनके पिता की मृत्यु हो गई। उनका लालन-पालन माँ रमा देवी और मामा भगवान दीन ने किया। उनकी आरंभिक पढ़ाई अतरौली और मामा के गुरुकुल में हुई। मैट्रिक की परीक्षा उन्होंने पंजाब से पास की और आगे के अध्ययन के लिए बनारस आ गए। १९२०  में जब महात्मा गांधी ने असहयोग आंदोलन प्रारंभ किया, तब उनकी उम्र १५ -१६  वर्ष की थी। असहयोग आंदोलन और गांधीजी के प्रभाव से जैनेंद्र ने अपनी पढ़ाई छोड़, कुछ वर्षों तक कांग्रेस के लिए कार्य किया और स्वाधीनता आंदोलन के सिलसिले में जेल भी गए। उनका आरंभिक जीवन काफी आर्थिक तंगी में बीता। १९२९ में उनका विवाह भगवती देवी से हुआ। 

जैनेंद्र मुख्यतः विचारक थे। जीवन और जगत, साहित्य और समाज, प्रेम और नैतिकता आदि के संबंध  में उनके विचार सर्वथा निजी, किंतु क्रांतिकारी थे। अपने प्रखर और मौलिक चिंतन के लिए जाने जाने वाले जैनेद्र कुमार हिंदी के अत्यंत समर्थ एवं युग प्रवर्तक कथाशिल्पी के रूप में प्रतिष्ठित हैं। छायावाद के बाद हिंदी साहित्य जगत में जैनेंद्र कुमार एक जाज्वल्यमान नक्षत्र के रूप में उभरे, जिन्होंने हिंदी साहित्य की अनेक विधाओं – उपन्यास, कहानी, निबंध, संस्मरण, रेखाचित्र आदि को अपनी रचनात्मक क्षमता से दीप्त किया। जैनेंद्र मूलतः अन्तः जगत के शब्द-शिल्पी थे। अन्तः जगत को बाह्य जगत से अनुस्यूत करके अभिव्यक्त करना अत्यंत कठिन कार्य होता है, जिसमें अपनी पैनी दृष्टि और विपुल ज्ञान के कारण जैनेंद्र को अभूतपूर्व सफलता मिली। जैनेंद्र ने उस दुनिया को सामने रखा था, जो अबूझ दुनिया थी, किंतु थी बेहद महत्वपूर्ण और जिसे जाने बिना अपूर्णता का गहरा संकट था। जैनेंद्र कुमार ने हिंदी कथा साहित्य को मनोविज्ञान का सुदृढ़ आधार प्रदान कर उसे घटना-बहुलता से तीव्र संवेदना के धरातल पर प्रतिष्ठित किया। उन्होंने पाठकों को मानव-जीवन की गहन रहस्यमयता के विश्लेषण से यह बताने का कार्य किया, कि अपने आस-पास के जिस जगत को हम इतना सुपरिचित और सामान्य मानते हैं, वस्तुतः वह कितना निगूढ़ और विलक्षण है। 

जैनेंद्र के कथा साहित्य में चरित्र-वैशिष्ट्य, मानसिक द्वंद्व, स्त्री-पुरुष संबंधों को लेकर सूक्ष्म एवं गहन स्तरों का स्पर्श, अवसाद और करुणा के अंतस्थल को स्पर्श करने वाली एक स्निग्ध धारा, राष्ट्रीयता और क्रांति की भावना, मानवेतर प्राणियों के प्रति सहानुभूति, नैतिक प्रश्नों के प्रति गंभीर शंकाएँ, दार्शनिक ऊहापोह, प्रतीक योजना, संकेत और रहस्य सब कुछ मिल जाता है। जैनेंद्र ने कथा साहित्य में उस समय प्रवेश किया, जब प्रेमचंद की तूती बोल रही थी। उनके साहित्यिक व्यक्तित्व का विकास बहुत कुछ प्रेमचंद की छाया में ही हुआ, किंतु फिर भी उन्होंने अपने लिए नई पगडंडी की तलाश की। प्रेमचंद सामाजिक जीवन के चितेरे थे, तो जैनेंद्र ने व्यक्ति के मानस की गहराइयों में झांका। प्रेमचंद ने जीवन के फैलाव को देखा, तो जैनेंद्र ने उसकी गहराई को थहाने का प्रयास किया। प्रेमचंद की मुख्य चिंता या समस्या सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक थी, तो जैनेंद्र की नैतिक-आध्यात्मिक। प्रेमचंद और जैनेंद्र के बारे में विचार करते हुए नलिन विलोचन शर्मा ने लिखा है – “प्रेमचंद के हाथों में दूरबीन होती है, जिससे वे जीवन या मनुष्यता के किसी दूरवर्ती अंश को साफ-साफ देखकर हमारे लिए भी प्रत्यभिज्ञेय बना देते हैं। जैनेंद्र के हाथों में खुर्दबीन है, जिसके नीचे वे जिंदगी की कतरन को रखकर, वैज्ञानिक की तरह उसके अणुओं को परमाणुओं में विश्लिष्ट करते, तह तक पहुँच जाना चाहते हैं।”

जैनेंद्र गांधी-दर्शन के भाष्यकार थे और जीवन भी उनका गांधी के आदर्शों के सांचे में ही ढला हुआ था, किंतु इसके साथ ही गांधी की कई सारी नैतिक सीमाओं को वे लांघते भी थे। स्वाधीनता आंदोलन के दौरान जैनेंद्र जेल भी गए, राजनीति में भागीदारी भी की, किंतु आज़ादी के बाद राजनीति के विकृत चेहरे को देखकर उनकी आत्मा कांप उठी। आज़ादी के बाद वे राजनीति में सक्रिय नहीं थे, किंतु राजनीति से जुड़े घटनाचक्रों पर, उसके कार्यकलापों पर उनकी पैनी नजर रहती थी। जैनेंद्र जैसे स्व की रक्षा करने वाले, किंतु समय के दर्द को अपने सीने में पालने वाले मनीषी-लेखक विरले ही पैदा होते हैं।      

उनकी पहली कहानी १९२८ में ‘विशाल भारत’ में प्रकाशित हुई। १९२९ में उनका पहला उपन्यास परख प्रकाशित हुआ। बाद में उन्होंने १२ उपन्यास और अनेक कहानियाँ लिखी, जो अब ७ खण्डों में प्रकाशित हैं। नाटक, विचार साहित्य, ललित निबंध, यात्रा साहित्य, बाल साहित्य आदि अनेक विधाओं में रचनाएँ कीं। उन्होंने आलोचना साहित्य में भी अपना योगदान दिया। 

जैनेंद्र को सर्वाधिक ख्याति उनके उपन्यासों से मिली। जैनेंद्र कुमार के लेखन से ही हिंदी में मनोवैज्ञानिक उपन्यासों की धारा प्रारंभ हुई। जैनेंद्र के उपन्यास बृहदाकार नहीं हैं, बल्कि छोटे हैं और उनमें पात्रों की संख्या भी सीमित होती है। उनके उपन्यास में समाज के ढ़ाँचे के साथ ही उसके परिवर्तन का इतिहास भी जगह घेरता चलता है। उनके उपन्यासों में घटना की बहुलता की जगह एक आध घटनाएँ ही घटती हुई प्रतीत होती हैं और उसी की संगति में उस पात्र का मनोविज्ञान मुखरित होने लगता है। उसकी कथा व्यक्ति के अंतस में ज्यादा चलती है, बाहरी वातावरण से संवाद कम होता है। जैनेंद्र के उपन्यासों में परंपरागत नैतिकता का अस्वीकार और उसके परिणामस्वरुप उनके पात्रों के जीवन में पीड़ा का संचार होता दिखाई देता है। इन्हीं पीड़ाओं से कुंठा, अवसाद, त्रास का आविर्भाव भी होता है। हालांकि उनके उपन्यासों में आधुनिकता और परंपरा का द्वंद्व भी है। उनकी आधुनिकता अक्सर कथा के विकास के साथ परंपरा के सामने घुटने टेकने लगती है। प्रेम है, पर शारीरिक संबंध नहीं, उनके मुताबिक प्रेम बहुत पवित्र है, स्वाभाविक है, अच्छा भी है, वरेण्य है, लेकिन शारीरिक संबंधों से यह दूषित हो सकता है। जैनेंद्र के पात्र प्रेम को इस दूषण से बचाते हुए दिखाई देते हैं। 

इसी तरह जैनेंद्र की कहानियाँ मनोविज्ञान पर आधारित और व्यक्तिवाद की कहानियाँ हैं। उन्होंने अपनी कहानियों में शिक्षित मध्यवर्ग के लोगो के अंतर्मन का चित्रण बड़ी ही सूक्ष्मता से किया है। व्यक्ति के राग-द्वेष, घृणा, प्रेम को मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा है और उसकी व्यवहारिकता का चित्रण किया है। उनकी मनोवैज्ञानिक कहानियों में ऐतिहासकता, बाल मनोविज्ञान, राष्ट्र प्रेम, आर्थिक सामाजिक संघर्ष, राजनीति के आयाम भी देखने को मिलते हैं। जहाँ तक कहानी के शिल्प का प्रश्न है, तो उन्होंने परंपरागत शिल्प को अपनाने की जगह नए शिल्प का निर्माण किया है। उन्होंने स्वप्न, गूढ़ता, फैंटेसी और पूर्वदीप्त कथानकों को अपनाकर कहानी में बिंब और प्रतीक का सफल प्रयोग किया है। जैनेंद्र ने उपन्यास और कहानियों के बाद हिंदी निबंध के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनका सतर्क चिंतन, तर्क की कसौटी पर चमकती उनकी आस्था, उनका विपुल ज्ञान, वैचारिक आयाम उनके निबंधों में स्पष्ट दिखता है। दरअसल वे अपने उपन्यासों और कहानियों में भी विचार देते हुए ही प्रतीत होते हैं। उनके निबंध तो विचार प्रधान हैं ही, जिसका क्षेत्र विचारों की दौड़ के लिए बड़ा व्यापक है।  

उपन्यास, कहानी, निबंध के अतिरिक्त जैनेंद्र कुमार ने बाल साहित्य, नाटक, अनुवाद, संस्मरण आदि के माध्यम से भी हिंदी साहित्य में श्रीवृद्धि की है। उनका योगदान अप्रतिम है। उनकी रचनाएँ कालजयी हैं तथा हिंदी समाज उनका ऋणी है और हमेशा रहेगा।  

जैनेन्द्र कुमार : जीवन परिचय

जन्म

२ जनवरी १९०५  कौड़िया गंज जिला अलीगढ़(उत्तर प्रदेश) 

निधन

२४  दिसंबर १९८८  

मूलनाम

आनंदी लाल 

पिता 

श्री प्यारेलाल 

माता 

श्रीमती रमा देवी

पत्नी 

भगवती देवी

शिक्षा एवं शोध

उच्च शिक्षा

स्नातक (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय)

साहित्यिक रचनाएँ

उपन्यास 

परख, सुनीता, त्याग-पत्र, कल्याणी, सुखदा, विवर्त, व्यतीत, जयवर्धन, मुक्ति-बोध, अनन्तर, अनामस्वामी, दशार्क।

कहानी

फांसी, वातायन, नीलम देश की राजकन्या, एक रात, दो चिड़िया, पाजेब, जयसंधि

निबंध संग्रह 

प्रस्तुत प्रश्न, जड़ की बात, पूर्वोदय, साहित्य का श्रेय और प्रेय, मंथन, सोच-विचार, काम, प्रेम और परिवार, ये और वे आदि।

अनूदित साहित्य

मंदालिनी (नाटक), पाप और प्रकाश (नाटक), प्रेम में भगवान (कहानी-संग्रह) आदि।

संस्मरण 

मेरे भटकाव।

अन्य 

इसके अतिरिक्त इन्होंने गांधीजी की जीवनी लिखने के साथ ही बाल साहित्य, दो आलोचनात्मक ग्रंथों का लेखन तथा कुछ ग्रंथों का संपादन भी किया।

पुरस्कार व सम्मान

  • 1971 में भारत सरकार द्वारा पद्मभूषण से सम्मानित 

  • 1966 में ‘मुक्ति बोध’ उपन्यास के लिए प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार 

  • 1985 में उत्तर प्रदेश सरकार का शिखर सम्मान ‘भारत भारती’

  • दिल्ली विश्वविद्यालय और आगरा विश्वविद्यालय से डी.लिट्. की मानद उपाधि 

  • 1973 में हिंदी साहित्य सम्मेलन, प्रयाग से साहित्य वाचस्पति और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने विद्या वाचस्पति की उपाधि 

  • उनके प्रथम उपन्यास ‘परख’ के लिए हिन्दुस्तानी अकादेमी से पुरस्कृत 

  • 1982 में तुलसी सम्मान  

  • 1974 में साहित्य अकादमी फेलोशिप


संदर्भ 

  • हिंदी गद्य : विन्यास और विकास, रामस्वरूप चतुर्वेदी
  • निबंधकार : जैनेंद्र कुमार, डॉ० विष्णु रानाबा सरवदे
  • हिंदी कहानी का विकास, मधुरेश 
  • आधुनिक हिंदी कथा साहित्य और मनोविज्ञान, डॉ० देवराज उपाध्याय 

लेखक परिचय 

डॉ. विजय कुमार मिश्र 
हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में सहायक प्रोफेसर एवं साहित्य संस्कृति फाउंडेशन के अध्यक्ष। शिक्षा के साथ ही कला संस्कृति के उन्नयन के लिए निरंतर सक्रिय। विविध साहित्यिक, सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन, रचनात्मकता एवं नवाचार के प्रोत्साहन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवाओं को सक्रिय करने के लिए सतत प्रयासरत। हिंदी साहित्य और सिनेमा : रूपांतरण के आयाम नामक पुस्तक प्रकाशित इसके साथ ही ४ अन्य पुस्तकों का सम्पादन। विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में शोध आलेख प्रकाशित। 
मो. – 8920116822, 8585956742
ईमेल – vijaymishra@hrc.du.ac.in

Saturday, January 1, 2022

दिसंबर माह के आलेख

Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat
      1बाल-काव्य शिरोमणि : श्री द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी 2डॉ० पीतांबर दत्त बड़थ्वाल: दार्शनिक, शोधकर्ता, विश्लेषक और निबंधकार 3बुलेट की जगह बुलेटिन: यशपाल 4भारत में हाइकु कविता के भगीरथ: प्रोफेसर (डॉ.) सत्य भूषण वर्मा
5एक आध्यात्मिक क्रांतिकारी कवि महर्षि श्री अरविंद घोष 6हिंदी व्याकरण परिष्कारक: आचार्य किशोरीदास वाजपेयी 7स्वयं प्रकाश: अभिनेता से लेखक 8राष्ट्रप्रेम, विद्रोह और भक्तिभाव का अनुपम संगम : बालकृष्ण शर्मा 'नवीन' 9ख़बरों को कविता में बुनते पत्रकार: रघुवीर सहाय 10चित्रा मुद्गल: एक अनूठे व्यक्तित्व का चित्रांकन 11सुब्रह्मण्य भारती: राष्ट्रीय एकता और अखंडता के अनन्य उपासक
12इतिहास लेखन के आधार बिंदु- मिश्रबंधु 13इलाचंद्र जोशी: मानव मन की यात्रा के मनोविश्लेषणात्मक सैलानी 14बहुआयामी साहित्यकार - उपेंद्रनाथ 'अश्क' 15हिंदी के सफलतम गीतकार – शैलेंद्र 16मीराबाई : एक क्रांतिकारी संत 17साहन के साह, रसिकों के रसिक, कृष्ण-भक्त, शूरवीर, संत-कवि अब्दुर्रहीम 18आपनी बडाई जाहि भावै, सो हमें न भावै: महाकवि देव
19सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है - रामप्रसाद बिस्मिल 20सतसई के सृजक – बिहारीलाल 21यू.आर. अनंतमूर्ति: प्रबुद्ध व्यक्तित्व के प्रखर साहित्यकार 22गुरु गोबिंद सिंह: एक संपूर्ण व्यक्तित्व 23अकहानी आंदोलन के जनक: डॉ० गंगा प्रसाद ‘विमल’ 24नारी-विमर्श के मानवीय संवेदना पक्ष की पैरोकार : उषा प्रियंवदा 25संवेदनशील कवि और राजनेता: भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी
26हिंदी व्याकरण के पाणिनी : श्री कामता प्रसाद गुरु 27उर्दू अदब को नए अफ़्कार, अंदाज़ और आयाम देने वाला अज़ीम शायर: मिर्ज़ा ग़ालिब 28सुमित्रानंदन पंत : विकसनशील बहुप्रज्ञ कवि 29सामाजिक विषमताओं से जूझते  यथार्थवादी सुधारक: पाण्डेय  बेचन शर्मा 'उग्र' 30दुष्यंत कुमार नामक कैलाइडोस्कोप 31पद्मभूषण श्रीलाल शुक्ल का सृजन संसार  

वह आदमी उतर गया हृदय में मनुष्य की तरह - विनोद कुमार शुक्ल

विनोद कुमार शुक्ल माँ, पत्नी और बेटी के साथ (द्वारा शाश्वत गोपाल)

पहले से ज़्यादा पढ़ा नहीं था लेखक को – ‘हताशा’ और कुछ अन्य कविताएँ – लेकिन  जितना भी पढ़ा था और उनके बारे में जो भी सुना था, उससे उन्हें अच्छे से पढ़ने की, जानने की बहुत इच्छा थी। इसलिए आलेख लिखने के लिए हाथ भी ऊँचा किया। ई-बुक रूप में ‘नौकर की कमीज़’ पढ़ने के बाद किन्डल में ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ पढ़ रही थी। लगा, जैसे दोनों हाथों से लिखने वाला रघुवर प्रसाद ही (उपन्यास का प्रमुख पात्र) बाज़ीगर की तरह शब्दों की उछाल-पकड़ कर रहा है। जब विभागाध्यक्ष बड़े उत्साह से ‘खिड़की के बाहर का’ ढूँढ़ने जाते हैं, ढूँढ़-ढूँढ़  हैरान परेशान हो जाते हैं लेकिन कुछ ढूँढ़ नहीं पाते – इस बिन्दु पर मेरे मुँह से निकला ‘जीनिअस’ और सकते में आ गयी, लैपटॉप बंद कर दिया – ‘क्या इनके बारे में कुछ भी लिख पाने की क्षमता है मेरी?’ समय लगा हिम्मत जुटाने में!     ... अपने सीमित पठन के आधार पर यह एक बहुत ही सादा सा प्रयास है, इस जादूगर के कुछ करतबों की छोटी सी झलक पेश करने का -

हाय! महाकौशल, छत्तीसगढ़ या भारतवर्ष 
इसी में नांदगाँव मेरा घर
एक मुझ से अधिक बूढ़े यात्री ने
उतरते हुए कहा/ 'तुम भी उतर जाओ
अगले जनम पहुँचेगी यह गाड़ी'
मुझे जल्दी नहीं थी
मैं ख़ुशी से गाड़ी में बैठा रहा
मुझे राजनांदगाँव उतरना था/ जहाँ मेरा जन्म हुआ था

१ जनवरी १९३७ को जन्मे विनोद जी का बचपन एक प्रतिष्ठत संयुक्त परिवार में बीता। फ़िल्में और साहित्य आपके जीवन में शुरू से थे। इन दोनों के संस्कार आपको अपनी माँ से मिले। माँ का जन्म अविभाजित बंगाल के सबसे संभ्रांत माने जाने वाले परिवार में हुआ और बचपन भी वहीं बीता। उनके पिता यानी लेखक के नाना की दंगाइयों ने प्रात: स्नान के समय पद्मा नदी (जमालपुर) के किनारे हत्या कर दी। उसके बाद माँ यानी रुक्मिणी देवी का परिवार भारत विस्थापित हो गया। कृष्णा टॉकीज़ में माँ की गोद में बैठकर बाल विनोद ने बहुत सी फ़िल्मों का आनंद उठाया। विनोद जी अपनी माँ के बहुत निकट थे। माँ ने साहित्य से संबंधित दो बातें याद रखने को कहा – १. अपने परिवार के बारे में ज़रूर लिखना २. विश्व में जहाँ-कहीं भी अच्छा साहित्य लिखा जा रहा है, उसे पढ़ना। विनोद जी कहते हैं, ‘पहली सीख को निभाना तो मेरे हाथ में था। लेकिन उस काल में विश्व साहित्य तक कैसे पहुँचता!’ तो शुरुआत उन्होंने बांग्ला साहित्य से की और बंकिमचंद्र, रवींद्र नाथ टैगोर, शरतचंद्र आदि सभी को पढ़ा। घर में संध्या में कविता एक आम बात थी। सभी भाई हाथ आज़माते और फिर एक दूसरे का काम पढ़ते।   

३२ वर्ष की आयु में आपका विवाह सुधा जी से हुआ। सुधा जी वनस्पति विज्ञान में एमएससी और विनोद जी अनन्य प्रकृति प्रेमी। विनोद जी साहित्यकार और सुधा जी किताबों की शौक़ीन। दोनों की ख़ूब जमी। अपनी पहली मुलाक़ात याद करते हुए एक हल्की मुस्कान के साथ विनोद जी कहते हैं ‘मंदिर के रास्ते में मुझे उसे दिखाया जाना था। मेरा ख़याल है, जब मैंने उसे देखा तो उसने भी मुझे उसे देखते हुए देख लिया था। वह धर्मयुग में मुझे पढ़ चुकी थी और छपी फ़ोटो भी देख चुकी थी, ऐसा उसने मुझे शादी के बाद बताया।’

वैसा ही वही!!/ एक छोटी गौरय्या वही/ वही नीम का पेड़ वही।/ समय उनका है/ उनके समय में आना और जाना है।/ उस लड़की का नाम चिड़िया है/ उस लड़के का नाम शाश्वत/ और घर के सामने कैलाश रहता है। रायपुर में सफ़ेद चम्पा के फूल वाले घर में आप अपनी पत्नी सुधा, पुत्र शाश्वत गोपाल, पुत्रवधु दीपा और पौत्री तरुश शाश्वती के संग रहते हैं।  मेरी बेटी की दो बेटियाँ हैं/ सबसे छोटी नातिन जाग गई/ जागते ही उसने सुबह को गुड़िया की तरह उठाया/ बड़ी नातिन जागेगी तो/ दिन को उठा  लेगी। बेटी अपने परिवार के साथ नागपुर में रहती है। 

लिखना जब मेरी सोच में आता है तो जैसे कोई एक देखा हुआ पक्षी पिंजड़े में आ जाता है 

‘मैं लिख कर पिंजड़े में आए उस सोच के पक्षी को स्वतंत्र करने की कोशिश करता हूँ। इसलिए लिखता हूँ।’ 

१९५८ में मुक्तिबोध राजनांदगाँव आए। बड़े भाई के कहने पर विनोद जी ने उन्हें अपनी कविता दिखाई। उस वक़्त तो मुक्तिबोध ने अच्छे से पढ़ाई करने और कमाने में सक्षम होने के बाद लिखने की सलाह दी। लेकिन जल्द ही उनके पास श्रीकांत वर्मा का ‘पुस्तक कृति’ नामक एक प्रसिद्ध साहित्यिक पत्रिका में कविताएँ प्रकाशित करने का प्रस्ताव आ गया। तबसे आपका लेखन अनवरत रूप से चल रहा है। विनोद जी की कृतियों को अनेक पुरस्कारों से नवाज़ा गया है। प्रसिद्ध उपन्यास ‘नौकर की कमीज़’ पर मणि कौल ने इसी नाम से फ़िल्म भी बनायी। ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ १९९९ के साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित है। अँग्रेज़ी कहानी संग्रह ‘ब्लू इज़ लाइक ब्लू’ को २०२० का मातृभूमि अवार्ड तथा २०१९ का अट्टा गलट्टा – बंगलोर लिटरेचर फ़ेस्टिवल बुक प्राइज़ मिला। अपनी रचना प्रक्रिया के बारे में विनोद जी कहते हैं, ‘मैं ६४ वर्षों से लिख रहा हूँ लेकिन उस्तादी नहीं आई। अभी भी लिखने में उन्हीं चुनौतियों को महसूस करता हूँ जो पहले करता था।’ और शाश्वत जी ‘एकांत का बाहर जाना’ में लिखते हैं ‘जहाँ सब होते हैं वे वहाँ लिखते हैं। जगह न हो तो खड़े-खड़े ही लिखने लगते हैं। मोहल्ले के बच्चे ऊपर लदे हों फिर भी लिखते रहते हैं।’ 

 अपनी पढ़ाई के समय को याद करते हुए विनोद जी कहते हैं, ‘वह डॉक्टर और इंजीनियर बनने का ज़माना था। मैं साइंस कॉलेज में भर्ती हुआ और बायोलॉजी विषय लिया लेकिन ऑर्गैनिक केमिस्ट्री और हिंदी निबंध में अनुत्तीर्ण हो गया। चूँकि मैं दो विषयों में फ़ेल हुआ था, इसलिए मुझे सप्लीमेंट्री नहीं मिली। मुझे साइंस कॉलेज छोड़ना पड़ा| फिर मैं एग्रीकल्चर कॉलेज में भर्ती हो गया।’ विनोद जी को हिंदी में कभी अच्छे अंक नहीं मिले। उनके हिंदी के शिक्षक, जो राजनांदगाँव से ही थे, कहते ‘तुम कैसा लिखते हो, मेरी समझ में नहीं आता!’ 

एग्रीकल्चरल एक्सटेन्शन से मास्टर्स डिग्री में मेरिट में पाँचवे आने पर भी विनोद जी को नौकरी मिलने में बहुत कठिनाई हुई। पहले विनोद जी ने छोटी-मोटी नौकारियाँ कीं – इंटरप्रेटर, रिसर्च असिसटेन्ट आदि। फिर पब्लिक सर्विस कमीशन से लेक्चरर के रूप में चुन लिये जाने के बाद आपने रायपुर एग्रीकल्चर कॉलेज में नौकरी शुरू की और सेवानिवृत्त होने तक वहीं कार्यरत रहे। 

मुझे नाम रखने में बहुत परेशानी होती है

उनके एक यूट्यूब इंटरव्यू में मैंने सुना-‘मुझे नाम रखने में बहुत परेशानी होती है, घर के बच्चों के भी मैं नाम नहीं रखता, कोई दूसरे रखते हैं।’ इस बात ने मेरा ध्यान खींचा, मैं जानना चाहती थी जो शब्दों से मायामयी यथार्थ की दुनिया रच सकता है उसे नाम रखने में कैसी परेशानी! शाश्वत जी से बातचीत की शुरुआत मैंने नामकरण संबंधित प्रश्नों से ही की। शाश्वत जी का नाम उनकी बड़ी चचेरी बहन ने रखा। विनोद जी की बेटी का नाम ‘विचार दर्शिनी’।
‘ये किसने रखा’
‘ये उन्होंने ही रखा’
‘अच्छा!’ (मैंने मन में सोचा, ऐसा कैसे –  वे तो नहीं रखते!)
‘जी, दरअसल उन्हें रखना पड़ा। ’ बेटी का नाम पाँच साल तक नहीं रखा था। घर में कूना बुलाते थे। स्कूल में फ़ॉर्म भर दिया। नाम की जगह खाली थी। अन्य परिजनों की तरह विनोद जी भी फ़ॉर्म लेकर एडमिशन की लाइन में लगे थे। नंबर आया, मैडम ने देखा - इसमें तो बच्ची का नाम ही नहीं है। विनोद जी अपने जगप्रसिद्ध भोले अंदाज़ में बोले – जी, मैं कुछ सोच नहीं पाया हूँ। मैडम झुँझलाईं – आप क्या ‘विचार’ कर रहे हैं अब तक! विनोद जी बोले ‘अच्छा तो आप विचार दर्शिनी लिख लीजिए।’

रमेश अनुपम जी ‘विनोद कुमार शुक्ल होने के मायने में’ लिखते हैं, ‘लगभग जयहिन्द में विनोद कुमार शुक्ल की एक से लेकर बीस कविताएँ शीर्षकविहीन हैं जिसे 1, 2, 3, 4 के क्रमानुसार प्रकाशित किया गया है।’

‘वह आदमी नया गरम कोट पहनकर चला गया विचार की तरह’ काव्य संग्रह भी श्री अशोक वाजपेयी के पास बिना नाम का पहुँचा, वाजपेयी जी ने ही कविता की पहली पंक्ति से संग्रह का नामकरण किया। 

जब बिजली कौंध जाती है, तब बिजली कौंध जाती है

पंक्तियाँ जैसे कोई कोडेड संदेश – दिखने में तो एक दो तीन... या क ख ग... लेकिन मर्म तक पहुँचने के लिए डिकोडिंग माँगती हैं। कहीं सिंगल क्वोट्स या डबल क्वोट्स नहीं – अगर होते तो शायद उनका भी एक अलग ही अर्थ होता!

‘पैडल मारेंगे और ऊँचे चढ़ जाएँगे। ऊपर बादल के टुकड़े रिक्शे पर लद जाएँगे।’ यहाँ आकाश पर जाने की बात हो रही है और यह साइंस फ़िक्शन नहीं, एक आम घर-गृहस्थी की कहानी है। ‘क्या ऐसा हो सकता है?’, प्रश्न लेखक को परेशान ही नहीं करता। घर के सामने कोई साइकिल लावारिस छोड़कर तो नहीं चला गया! घर के सामने का नीम का पेड़ रघुवर प्रसाद के घर के सामने इस तरह था कि उसे किसी ने छोड़ा नहीं था। समानता का भाव विनोद जी के लेखन में कूट-कूट कर भरा हुआ है। अगर कोई स्कूटर छोड़ सकता है तो पेड़ भी छोड़ सकता है। अगर पात्र ताड़ के पेड़ों को देखता है तो लेखक पाठक की स्मृति में यह भी दर्ज कराता चलता है कि ताड़ के पेड़ों ने भी पात्र को देखा होगा। विनोद जी का लेखन नयी दृष्टियाँ माँगता है। दिखने के अलावा जो है, और उसके भी अलावा, अलावा, अलावा। परत दर परत वह देखते और दिखाते चले जाते हैं। ‘वह दृश्य हाथी का इन्तजार कर रहा था कि हाथी आए तो वह आते हुए हाथी के दृश्य के रूप में दिखे।’

‘एक-एक अकेले के बीच रखने अपने को हम लोग कहता हूँ’  अकेलापन गणनीय है।
‘बरसात हो रही थी/ और डूबता हुआ सूरज था/ इस दृश्य के चिड़िया इतने टुकड़े में/ एक चोंच थी/ ऐसा एक पक्षी बैठ रहा था।’
 दृश्य विभाज्य है।
‘कल के सूर्योदय से/ पाँच मिनट की सुबह को बचाकर/ आज की सुबह को पाँच मिनट यद्यपि/ नहीं बढ़ा पाया’ पाँच मिनट की सुबह एक राशि है। यह विनोद जी का गणित है।

‘उन उड़ते हुए पक्षियों से मैंने कहा आभार/ आभार पक्षियों की ओर उड़ गया/ पहले एक मेरा आभार था और बाक़ी सब सारस थे/’ आभार सारसों के साथ उड़ रहा है, यह उनका विज्ञान है।

‘बच्चे भी सिद्धार्थ नहीं थे/ बुद्ध थे।’
बच्चे  बुद्ध, बड़े  बुद्ध, पेड़-पौधे बुद्ध, जीव-जन्तु, पहाड़-पठार, नदी-तालाब – सब समान – सब  बुद्ध – सबको समान मानना, सबके दिखे जाने को देखना और सबके कहे हुए को सुनना, यह उनका जीवन है।
प्रकाशन में पारदर्शिता न होने के कारण हमारी सदी का यह महान साहित्यकार अपनी पुस्तकों को लेकर ठगा सा महसूस करता है, उन्हें तहख़ाने में बंद सा पाता है। और इसके पश्चात, जीवन के चौरासीवें साल में भी अपने विचारों के पक्षियों को स्वतंत्र करने में सतत् कर्मरत है।   
‘मैं उड़ते हुए एक पक्षी के पीछे-पीछे जा रहा हूँ।/ पक्षी! मैं तुम्हारे पीछे हूँ!!’

 

जीवन परिचय : विनोद कुमार शुक्ल

जन्म

१ जनवरी १९३७,  राजनांदगाँव (छत्तीसगढ़)

कर्मभूमि 

रायपुर, छत्तीसगढ़ 

पिता 

शिवगोपाल शुक्ल

माता

रुक्मिणी देवी, 

पत्नी 

सुधा शुक्ल 

संतान 

पुत्र – शाश्वत गोपाल; पुत्रवधु – दीपा; पोती – तरुश शाश्वती
पुत्री – विचार दर्शिनी; दामाद – देवेन्द्र मिश्र; नातिनें – सिया, सारा 

शिक्षा

जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्व विद्यालय (JNKVV), जबलपुर से स्नातकोत्तर  

साहित्यिक रचनाएँ

उपन्यास 

  • नौकर की कमीज़ ‘१९७९
  • खिलेगा तो देखेंगे ‘१९९६
  • दीवार में एक खिड़की रहती थी ‘१९९७
  • हरी घास की छप्पर वाली झोपड़ी और बौना पहाड़ ‘२०११
  • एक चुप्पी जगह ‘२०१८

कविता संग्रह

  • लगभग जयहिन्द ‘१९७१
  • वह आदमी चला गया नया गरम कोट पहनकर विचार की तरह ‘१९८१
  • सब कुछ होना बचा रहेगा ‘१९९२
  • अतिरिक्त नहीं ‘२०००
  • कविता से लंबी कविता ‘२००१
  • आकाश धरती को खटखटाता है ‘२००६
  • पचास कविताएँ ‘२०११
  • कभी के बाद अभी ‘२०१२
  • कवि ने कहा – चुनी हुई कविताएँ ‘२०१२
  • प्रतिनिधि कविताएँ ‘२०१३  

कहानी संग्रह

  • पेड़ पर कमरा ‘१९८८
  • महाविद्यालय ‘१९९६
  • एक कहानी ‘२०२१
  • घोड़ा और अन्य कहानियाँ ‘२०२१

बाल साहित्य

  • यासि रासा त ‘२०१७ (बाल उपन्यास)
  • कविताओं के पोस्टकार्ड ‘२०२० कहानी संग्रह (शीघ्र प्रकाश्य)
  • साईकिल पत्रिका में नियमित प्रकाशन  

अनूदित कृतियाँ

  • The Servant’s Shirt ‘1999
  • A Window Lived In The Wall ‘2005
  • Moonrise From The green Grass Roof ‘2017
  • Blue Is Like Blue ‘2019
  • The Windows In Our House Are Little Doors ‘2020
  • कविताएँ इतालवी, स्वीडिश, जर्मन, अरबी, अंग्रेज़ी सहित प्रमुख भारतीय भाषाओं में अनूदित,
  • ‘पेड़ पर कमरा’ मराठी में अनूदित,
  • ‘नौकर की कमीज़’ फ़्रांसीसी तथा भारतीय भाषाओं में अनूदित,
  • ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ प्रमुख भारतीय भाषाओं में अनूदित।

सम्मान

  • गजानन माधव मुक्तिबोध फ़ेलोशिप (म.प्र. शासन)
  • रज़ा पुरस्कार (मध्यप्रदेश कला परिषद)
  • शिखर सम्मान (म.प्र. शासन)
  • राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान (म.प्र. शासन)
  • दयावती मोदी कवि शेखर सम्मान (मोदी फाउंडेशन)
  • साहित्य अकादमी पुरस्कार (भारत सरकार)
  • हिन्दी गौरव सम्मान (उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, उ.प्र. शासन)
    मातृभूमि पुरस्कार-वर्ष २०२० (अंग्रेजी कहानी संग्रह ‘Blue Is Like Blue’ के लिए)
    साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के सर्वोच्च सम्मान ‘महत्तर सदस्य’ के लिए चुनाव, वर्ष २०२१

 

सन्दर्भ:

विनोद कुमार जी से वीडिओ कॉल
शाश्वत जी से फोन पर बातचीत
एकांत का बाहर जाना – शाश्वत गोपाल का अपने पिता पर लिखा लेख
विनोद कुमार शुक्ल के मायने: रमेश अनुपम (dailychhattisgarh.com)
विनोद कुमार शुक्ल - विकिपीडिया (wikipedia.org)

झिर्रियों में रोशनी : विनोद कुमार शुक्ल / अशोक अग्रवाल - Gadya Kosh - हिन्दी कहानियाँ, लेख, लघुकथाएँ, निबन्ध, नाटक, कहानी, गद्य, आलोचना, उपन्यास, बाल कथाएँ, प्रेरक कथाएँ, गद्य कोश

विनोद कुमार शुक्ल: कविताओं में प्रेम और प्रकृति रचता हुआ कवि (theprint.in)
Exclusive Interview Of Writer Vinod Kumar Shukla - कट्टरता का विरोध, पुरस्कार लौटाना विकल्प नहीं: विनोद कुमार शुक्ल - Amar Ujala Hindi News Live

सुनिए विनोद कुमार शुक्ल से कविताएँ, कहानियाँ और बातें - YouTube

 लेखक परिचय: 

 ऋचा जैन: आई टी प्रोफेशनल, कवि, लेखिका और अध्यापिका। प्रथम काव्य संग्रह 'जीवन वृत्त, व्यास ऋचाएँ' भारतीय उच्चायोग, लंदन से सम्मानित और भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा 2020 में प्रकाशित। कहानी के माध्यम से जर्मन सीखने के लिए बच्चों की किताब 'श्पास मिट एली उंड एजी' गोयल पब्लिशर्स द्वारा 2014 में प्रकाशित। लंदन में निवास, पर्यटन में गहरी रुचि, भाषाओं से विशेष प्यार। ईमेल - richa287@yahoo.com

आलेख पढ़ने के लिए चित्र पर क्लिक करें।

कलेंडर जनवरी

Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat
            1वह आदमी उतर गया हृदय में मनुष्य की तरह - विनोद कुमार शुक्ल
2अंतः जगत के शब्द-शिल्पी : जैनेंद्र कुमार 3हिंदी साहित्य के सूर्य - सूरदास 4“कल जिस राह चलेगा जग मैं उसका पहला प्रात हूँ” - गोपालदास नीरज 5काशीनाथ सिंह : काशी का अस्सी या अस्सी का काशी 6पौराणिकता के आधुनिक चितेरे : नरेंद्र कोहली 7समाज की विडंबनाओं का साहित्यकार : उदय प्रकाश 8भारतीय कथा साहित्य का जगमगाता नक्षत्र : आशापूर्णा देवी
9ऐतिहासिक कथाओं के चितेरे लेखक - श्री वृंदावनलाल वर्मा 10आलोचना के लोचन – मधुरेश 11आधुनिक खड़ीबोली के प्रथम कवि और प्रवर्तक : पं० श्रीधर पाठक 12यथार्थवाद के अविस्मरणीय हस्ताक्षर : दूधनाथ सिंह 13बहुत नाम हैं, एक शमशेर भी है 14एक लहर, एक चट्टान, एक आंदोलन : महाश्वेता देवी 15सामाजिक सरोकारों का शायर - कैफ़ी आज़मी
16अभी मृत्यु से दाँव लगाकर समय जीत जाने का क्षण है - अशोक वाजपेयी 17लेखन सम्राट : रांगेय राघव 18हिंदी बालसाहित्य के लोकप्रिय कवि निरंकार देव सेवक 19कोश कला के आचार्य - रामचंद्र वर्मा 20अल्फ़ाज़ के तानों-बानों से ख़्वाब बुनने वाला फ़नकार: जावेद अख़्तर 21हिंदी साहित्य के पितामह - आचार्य शिवपूजन सहाय 22आदि गुरु शंकराचार्य - केरल की कलाड़ी से केदार तक
23हिंदी साहित्य के गौरव स्तंभ : पं० लोचन प्रसाद पांडेय 24हिंदी के देवव्रत - आचार्य चंद्रबलि पांडेय 25काल चिंतन के चिंतक - राजेंद्र अवस्थी 26डाकू से कविवर बनने की अद्भुत गाथा : आदिकवि वाल्मीकि 27कमलेश्वर : हिंदी  साहित्य के दमकते सितारे  28डॉ० विद्यानिवास मिश्र-एक साहित्यिक युग पुरुष 29ममता कालिया : एक साँस में लिखने की आदत!
30साहित्य के अमर दीपस्तंभ : श्री जयशंकर प्रसाद 31ग्रामीण संस्कृति के चितेरे अद्भुत कहानीकार : मिथिलेश्वर          

आचार्य नरेंद्रदेव : भारत में समाजवाद के पितामह

"समाजवाद का सवाल केवल रोटी का सवाल नहीं है। समाजवाद मानव स्वतंत्रता की कुंजी है। समाजवाद ही एक सुखी समाज में संपूर्ण स्वतंत्र मनुष्यत्व...