Saturday, July 30, 2022

नवाब वाज़िद अली शाह : हज़ार रातें भी गुज़री यही कहानी हो...

 

"बाबुल मोरा नैहर छूटो ही जाए...चार कहार मिल मोरी डोलिया सजावें, मोरा अपना बेगाना छूटो जाए। बाबुल मोरा नैहर छूटो जाए… आँगन तो पर्वत भयो और देहरी भयी बिदेस, जाये बाबुल घर आपनो मैं चली पिया के देस, बाबुल मोरा नैहर छूटो जाए…"

जब नवाब वाज़िद अली शाह को लखनऊ छोड़ना पड़ा तो उन्होंने उस दर्द को ठुमरी की इन पंक्तियों में उकेरा था। इसके साथ एक कथा ऐसी है कि सत्तावन की लड़ाई में वे जूतियाँ नहीं पहन पाए और भागने में असफल रहे जिससे अंग्रेज़ों ने उन्हें गिरफ़्तार कर लिया था, पर इतिहासकार इसे झुठलाते हुए सबूत देते हैं कि ईस्ट इंडिया कंपनी ने ४ फरवरी १८५६ को ही वाज़िद अली शाह से अवध की सत्ता अपने कब्ज़े में ले ली थी। वाज़िद अली शाह को सन १८५६ में ही कलकत्ता भेज दिया गया था। जब सन १८५७ का गदर हुआ तब वे मटियाबुर्ज में थे। जहाँ ऐहतियातन उन्हें नज़रबंद कर दिया गया था। उनके भाग पाने की कोई गुंजाइश थी ही नहीं। अपनी मिट्टी से दूर जाने की कसक उनके भीतर गहरी थी जो उनके मशहूर अशरार में उभरी है,
"दर-ओ-दीवार पे हसरत से नज़र करते हैं,
ख़ुश रहो अहल-ए-वतन, हम तो सफ़र करते हैं।"

वे लिखते हैं,
"न ठंडी साँसें भरो दौर-ए-मय में हम नफ़साँ,
ये आग भड़केगी मय-ख़ाने में हवा न करो"

लेकिन यह भी हैरतअंगेज़ है कि नवाब ने कभी शराब को छुआ न था। 'पिया वाज़िद अली' नाम से कई बंदिशों के इस रचियता को साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में ख़ासकर कथक नृत्य की दुनिया में कथक के प्रश्रयदाता के रूप में जाना जाता है। 'नैहर छूटो जाए' ठुमरी को प्रचलित करने में के० एल० सहगल की आवाज़ का बड़ा योगदान है, जिन्होंने लोक में इसे दुल्हन के विदाई गीत की तरह लोकप्रिय किया। कथक के कई नामी बड़े नर्तकों ने इसे मृत्यु के बाद देह के छोड़े जाने से जोड़ा है, और चार कहारों को अंतिम बेला में कंधा देने वाले चार लोग बताया है। 

अवध के शासक वाज़िद अली शाह को विरासत में कमज़ोर राज्य मिला था। उन्होंने उस कमज़ोर राज्य को सशक्त बनाने के लिए हिंदुस्तानी तहज़ीब को तवज्जो दी। इतिहास में दर्ज है कि हिंदू त्योहारों में वे खुद शामिल होते थे। उनकी प्रसिद्ध ठुमरी भी है, "मोरे कान्हा जो आए पलट के, अब के होली मैं खेलूँगी डट के…"
 
सन १७६३-६४ में बक्सर के पास हुई लड़ाई में नवाब शुज़ा उद दौला ईस्ट इंडिया कंपनी से हार गया था और उसने अंग्रेज़ों को अवध का शासन नियंत्रित करने का अधिकार दे दिया था। उसके बाद सन १८५६ तक का अवध का इतिहास ब्रिटिशों के कुटिल षड़यंत्रों, अत्याचार और लालच के अंधे युग का इतिहास है। ब्रिटिश पार्लियामेंट के सामने अवध की जनता की दरख़्वास्त को The Dacoitee in Excelsis or The Spoliation of Oude, Faithfully Recounted किताब के ज़रिए अंग्रेज जनता को उस वक्त उपलब्ध करा दिया गया था। महारानी विक्टोरिया ने १ नवंबर १८५८ को हिंदुस्तान को अपने हाथ में ले लिया था, लेकिन अवध को बाग़ियों से खाली कराने में ७ जनवरी १८५९ तक का समय लगा।
 
इंग्लैंड की रानी को अपना परिचय देते वक्त अवध के इस नवाब ने रामायण और राम से प्रारंभ किया था। अवध की राजमाता ज़ैनबी औलिया ताज़रा बेगम लंदन में अपने अधिकार और स्वतंत्रता की गुहार लगा रही थी, उसी समय भारत में आज़ादी की सन १८५७ की लड़ाई में अवध की एक और बेगम नवाब वाज़िद अली की दूसरी पत्नी बेगम हज़रत महल नानासाहेब पेशवा, तात्या टोपे के साथ कंधे से कंधे मिला लड़ रही थीं। वाज़िद अली शाह की गैर मौजूदगी में बेगम हज़रत महल मौलवी अहमद शाह और तमाम 'नाचने-गाने वालों' ने फिरंगी फौजों को शहर में घुसने नहीं दिया।
 
लखनऊ की जिस इमारत में आज भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय है, उसे वाज़िद अली शाह के समय परीखाना कहते थे। उस इमारत में शाह की परियाँ रहती थीं। परी मतलब वह, जो नवाब को पसंद आ जाती थी। इनमें से अगर कोई बाँदी नवाब के बच्चे की माँ बन जाती तो उसे महल कहा जाता। बेग़म हज़रत महल के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने बाँदी से बेगम होने का सफ़र महल के रास्ते ही तय किया था। 

उन्हें विलासी नवाब के रूप में दिखाने वालों का अपना नज़रिया है, जो उन्हें ३०० शादियाँ करने वाला कह रंगीला नवाब कहता है। वाज़िद अली शाह की चर्चित किताब 'इश्कनामा' में उन्होंने आठ साल की उम्र में रहीमन नामक अधेड़ आयु की महिला से अपने जिस्मानी संबंध के बारे में लिखा है। इसमें ज़िक्र है कि परीखाना में १८० से ज्यादा महिलाओं को संगीत सिखाने के लिए नौकरी पर रखा गया था। उनके अनुसार "पड़ा है पाँव में अब सिलसिला मोहब्बत का, बुरा हमारा हुआ हो, भला मोहब्बत का।" कथक करते हुए नवाब खुद कृष्ण बनते थे और उनकी परियाँ, गोपियाँ। 
 
वैसे तो वाज़िद अली शाह ने कुल ६० किताबें लिखी थीं लेकिन उनमें से अधिकांश इतिहास की गर्द में खो गई हैं। अवध के नवाबख़ाने के भी बड़े शौकीन कहलाते थे, तो वाज़िद अली शाह उससे अछूते कैसे रह सकते थे। वे रसोई के जानकार भर नहीं थे। तो नए प्रयोग करने का भी हुनर रखते थे, जैसे कलकत्ता बिरयानी में आलू का इस्तेमाल उन्होंने ही शुरू किया था। उन्हें उनके तरीकों की वजह से याद रखा जाए इसलिए वे अपने कुर्ते का बायाँ हिस्सा अधखुला छोड़ा करते थे और ऐसी उनकी कई तस्वीरें भी दिख जाएँगी।

ऊपरी तौर पर देखने पर नवाब वाज़िद अली को विलासी और शान-शौकत से जीने वाला माना जा सकता है, लेकिन गहरे पैठने पर वे बहुत संवेदनशील और भावुक हृदय के कलानुरागी शासक नज़र आते हैं। उनकी संवेदनशीलता को दिखाता यह शे'र देखिए,
"ऐ नसीम-ए-सहरी हम तो हवा होते हैं
दम जो घुटता है मोहब्बत में ख़फ़ा होते हैं"

मुहब्बत उनके ज़ेहन में आठ साल की उम्र से थी, लेकिन उसी उम्र में वे कथक गुरु महाराज ठाकुर प्रसाद के शिष्य बन गए थे, इसे नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। दुनिया उन्हें समझ नहीं पाई इसका कोई मलाल उन्हें नहीं था। वे जानते थे और कहते थे,
"सुन रक्खो उसे दिल का लगाना नहीं अच्छा,
दुनिया ये बुरी है, ये ज़माना अच्छा नहीं"
 
कथक शैली के तीनों नटन भेदों - नाट्य, नृत्त व नृत्य को फिर से समृद्ध करने के लिए उन्होंने गायक-वादक एवं नर्तक-नर्तकियों के बड़े समूह को अपने यहाँ ऊँचा वेतन देकर रखा था, लेकिन देखने वालों ने इसमें भी स्याह रंग ही देखा कि उन्होंने अरब व्यापारियों की अफ्रीकी गुलाम औरतों से शादी की थी। नवाब ने लगभग ११२ मुताह किए थे मतलब कुछ समय के लिए की जाने वाली शादी, तो कई निकाह किए थे और उतने ही तलाक भी दिए थे। तलाक की वजह बढ़ते खर्चे बताए जाते हैं, लेकिन एक बात और थी वह थी उनका कला के प्रति समर्पण। कथक के प्रयोगों में गतिरोध पैदा करने वाली किसी भी बेगम को वे तुरंत छोड़ देते थे। उनके ही शब्दों में,
"नज़दीक भी जाकर न मिला पर्दा-नशीं से,
जा दूर हो ऐ दिल, तुझे चाहत नहीं आती।" 
 
कला के प्रति इतनी निष्ठा कितने लोग निभा पाते हैं? नवाब वाज़िद अली शाह अपने कलाकारों को खुद प्रशिक्षण देते थे। कथक शैली के नाट्य तत्व की सर्वोत्कृष्ट प्रस्तुति वाज़िद अली शाह के भव्य रंग प्रयोग 'रहस' में दिखती है, जो रासलीला से प्रेरित था। तब तक कथक को दरबारी नृत्य कहा जाने लगा था, लेकिन उन्होंने रहस की रंग योजना, मंच, दृश्य सज्जा, पात्रों का मंच प्रवेश, कथावस्तु आदि के साथ नृत्य में नाट्य सम्मिलित किया था। लाखों रुपए खर्च कर रहस निर्मित होता था, जिसे कैसरबाग रहस मंज़िल में प्रदर्शित किया जाता था। नवाब साहब ने 'अख़्तर' उपनाम से कई ठुमरियाँ रची हैं और 'कैसर' नाम से भी। 'अख़्तर' से एक कलाम देखिए,
"ग़ुँचा-ए-दिल खिले जो चाहो तुम
गुलशन-ए-दहर में सबा हो तुम
बे-मुरव्वत हो बे-वफ़ा हो तुम
अपने मतलब के आश्ना हो तुम
कौन हो क्या हो क्या तुम्हें लिक्खें
आदमी हो परी हो क्या हो तुम
पिस्ता-ए-लब से हम को क़ुव्वत दो
दिल-ए-बीमार की दवा हो तुम
हम को हासिल किसी की उल्फ़त से
मतलब-ए-दिल हो मुद्दआ हो तुम
यही आशिक़ का पास करते हैं
क्यूँ जी क्यूँ दर-प-ए-जफ़ा हो तुम
उसी अख़्तर के तुम हुए माशूक़
हँसो बोलो उसी को चाहो तुम"
 
'रहस' केवल शाही परिवारों के सामने मंचित किया जाता था और आम लोगों के लिए सैयद आगा हसन 'अमानत' लिखित 'इन्दर सभा' को प्रस्तुत किया। कई बंदिशों जैसे 'दरिया-ए-ताशक़', 'अफ़साने-ए-इस्बाक़' और 'बहार-ए-उल्फ़त' को उन्होंने नाट्य रूप दिया।
 
नवाब ने अपनी बन्नी पुस्तक में कथक के नृत्य अंग की २१ गतों का वर्णन किया है। गीतों का विकास करने के साथ उन्होंने ठुमरी भाव के विकास में भी बहुत योगदान दिया। ठुमरी भाव को नवाब वाज़िद अली शाह और महाराज बिन्दादीन ने नई पैहरन दी। तमाम बादशाहों और नवाबों की परंपरा में सबसे बड़े गुणग्राही और कला के कद्रदान के रूप में उनकी पहचान को ठुकराया नहीं जा सकता। ठुमरी और कथक के प्रति लखनऊ का झुकाव वाज़िद अली शाह के प्रोत्साहन से और भी बढ़ गया। उनके अंतर्पुर से लेकर राजदरबार तक कथक नृत्य और ठुमरी गान को प्रधानता दी जाने लगी थी। तत्कालीन लखनऊ का सारा वातावरण ठुमरी और कथक रंग में रंग गया था। उन्होंने शास्त्रीय संगीत के कई रागों की रचना की जैसे जोगी, जूही, शाह पसंद। सत्यजीत रे की फ़िल्म 'शतरंज के खिलाड़ी' में वाज़िद अली शाह का नृत्य और संगीत के संरक्षक के रूप को ही दर्शाया गया है। 
 
"उल्फ़त ने तिरी हम को तो रक्खा न कहीं का,
दरिया का न जंगल का समा का न ज़मीं का"

उन्होंने ये पंक्तियाँ लिखते हुए ग़जलों की पनाह ली। शायद इसी अभिरुचि के कारण उन्होंने मिर्ज़ा ग़ालिब को सन १८५४  में प्रति वर्ष पाँच सौ रुपए की पेंशन देना शुरू किया था। उनका फ़ारसी और उर्दू पर समान अधिकार था। पश्चिमी शिक्षा से वे दीक्षित थे और प्राचीन तथा आधुनिक इतिहास तथा साहित्य में निष्णात। तब भी उनकी लेखनी में उन्होंने अपना पांडित्य नहीं तो सरल अवधी बोली को अपनाया। निर्वासन काल में हुगली नदी के किनारे मटिया बुर्ज़ (मिट्टी के गुंबद) पर भी उन्होंने अपनी प्रति वर्ष की १२ लाख रुपए आय का बड़ा हिस्सा खर्च कर उसे लखनऊ बनाने की कोशिश की, ताकि प्रिय शहर और उससे जुड़ी यादें ताज़ा रह सकें। 

लखनऊ उनके ज़ेहन में इस कदर था कि
"अल्लाह ऐ बुतो हमें दिखलाए लखनऊ,
सोते में भी ये कहते हैं हम हाय लखनऊ!"

और अंत में, उनके लिखे शब्दों में कहें तो,
"हज़ार रातें भी गुज़री यही कहानी हो,
तमाम कीजिए इसको न कुछ सिवा कहिए…"

वाज़िद अली शाह : जीवन परिचय

पूरा नाम

अबुल मंसूर मिर्ज़ा मुहम्मद वाज़िद अली शाह

जन्म

३० जुलाई १८२२, लखनऊ

निधन

१ सितंबर १८८७, मटियाबुर्ज, कोलकाता में

पिता

अमज़द अली शाह

पुत्र

बिरज़िस कद्र

शासन

१३  फरवरी १८४७  से ११ फरवरी १८५६

शाही ख़िताब

मिर्ज़ा

प्रमुख कृतियाँ

  • इश्कनामा

  • नाज़ो

  • बन्नी

  • दीवान-ए-अख़्तर

  • हुस्न-ए-अख़्तर

दोहे

  • सावत-उल-कलूब के १०६१ पृष्ठों में ४४,५६२ दोहों का संग्रह शामिल है, जिसे तीन साल की अवधि में पूरा किया गया था।

  • आत्मकथात्मक 'हुज़्न-ए-अख्तर' जिसमें लगभग १२७६ दोहे हैं।


संदर्भ

  • विकिपीडिया

  • अयोध्या (मूल मराठी पुस्तक) - लेखक माधव भंडारी, हिंदी संपादन (लेखिका स्वयं)।

  • कथक नृत्य शिक्षा, द्वितीय भाग - लेखक डॉ० पुरु दाधीच।

लेखक परिचय

स्वरांगी साने

पूर्व वरिष्ठ उप संपादक, लोकमत समाचार, पुणे। 
भारतीय कौंसलावास, न्यूयॉर्क की वेबसाइट पर पत्रिका अनन्य के लिए संपादन सहयोग। 
जनसत्ता, नई दिल्ली तथा वेब दुनिया हेतु नियमित स्तंभ लेखन, स्वतंत्र अनुवादक-लेखक, कवयित्री।
भारत सरकार द्वारा विकसित वेब इंटरफ़ेस के लिए लगातार अनुवाद। 
एम. ए. (कथक) (स्वर्णपदक), कथक विशारद (Distinction), अखिल भारतीय गंधर्व महाविद्यालय मंडल, मिरज (मुंबई) 
काव्य संग्रह "शहर की छोटी-सी छत पर" और  "वह हँसती बहुत है" यू-ट्यूब पर चैनल :  #AMelodiousLyricalJourney 
कार्यक्षेत्र : कविता, कथा, अनुवाद, संचालन, स्तंभ लेखन, पत्रकारिता, अभिनय, नृत्य, साहित्य-संस्कृति-कला समीक्षा, आकाशवाणी और दूरदर्शन पर वार्ता और काव्यपाठ।

Friday, July 29, 2022

डॉ. सी नारायण रेड्डी 'सिनारे' - "कविता मेरी साँस है!"

 

"नडका ना तल्लि
परुगु ना तन् डरि
समत ना भाषा
कवित ना स्वास"
अर्थात
"गति मेरी माँ है
प्रयाण मेरा पिता
समता मेरी भाषा है
और कविता मेरी साँस"

कविता को अपनी साँस कहने वाले ये कवि मात्र एक कवि ही नहीं, एक उत्कृष्ट तेलुगु लेखक, समालोचक, अनुवादक, शिक्षा-शास्त्री और प्रशासक के साथ-साथ सुर, ताल, लय की अपार जानकारी रखने वाले एक दक्ष गायक भी थे। अपने लिखे गीतों को जब वे मधुर स्वर-ताल में गा कर सुनाते तो जनता मुग्ध हो कहती, "सिनारे! सिनारे!" ये लोकप्रिय गीतकार जब साहित्यिक विद्वता में डूबते, तो उनकी कलम अठ्ठारह शैलियों में अद्भुत तेलुगु साहित्य रच जाती। जब शिक्षण, आयोजन, प्रशासन का समय होता तो यही साहित्यिक हस्ताक्षर एक समय के पाबंद, कम शब्दों में मन की बात कहने वाले, जल्दी निर्णय लेने वाले लोकप्रिय शिक्षक-प्रशासक बन जाते। ऐसे अद्भुत व्यक्तित्व के स्वामी, तेलुगु साहित्य के उत्कृष्ट विद्वान डॉ० सी नारायण रेड्डी का पूरा नाम डॉ० सिंगिरेड्डी नारायण रेड्डी था। चिंगिरेड्डी को तेलुगु में सिंगिरेड्डी बोला जाता है और इसीलिए उनका छोटा नाम 'सिनारे' भी है। सिनारे तेलुगु के अत्यंत लोकप्रिय लेखक और विद्वान थे। उनकी लिखी लंबी कविताओं, मुक्त-छंदों, गद्य-नाटकों, गीति-नाटकों, निबंधों, साहित्यिक आलोचनाओं, अनुवादों और ग़ज़लों की लगभग ८५ प्रकाशित पुस्तकों में उनकी लेखकीय विरासत दर्ज है। जहाँ एक ओर उनको मिले सम्मान- पद्मश्री, पद्मभूषण, ज्ञानपीठ पुरस्कार, साहित्य अकादमी पुरस्कार, और साहित्य अकादमी की फेलोशिप 'महत्तर सदस्यता' सिनारे के साहित्यिक अवदान के परिचायक हैं, वहीं दूसरी ओर तेलुगु समाज में उनके फिल्मी गीतों पर मर मिटने वाले हज़ारों लोग उनकी लोकप्रियता और सहजता का परचम फहराते हैं।

प्रारंभिक जीवन - कर्मभूमि

सिनारे आजीवन 'मनसा, वाचा और कर्मणा' मानव के उत्थान पर केंद्रित रहे। "कविता  मेरी  मातृभाषा है, उसका इतिवृत्त है मानवता"  का उद्घोष करने वाले इस महान लेखक का जन्म २९ जुलाई १९३१ को तेलंगाना के जनपद करीमनगर के एक छोटे से गाँव हनुमाजीपेट में श्रीमती बुचाम्मा और श्री मल्ला रेड्डी के घर हुआ। उनके माता-पिता किसान थे, परंतु उन्होंने अपने पुत्र को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। नारायण ने करीमनगर से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई की लगन ऐसी कि आगे उन्होंने हैदराबाद जा कर उस्मानिया विश्वविद्यालय से बीए किया। यह डिग्री उन्होंने उर्दू मीडियम से हासिल की थी। उनके काव्य में इस का प्रभाव हम जल्दी ही देखेंगे। उस्मानिया विश्वविद्यालय से ही उन्होंने १९५४ में एम० ए० (तेलुगु) की शिक्षा पूरी की और १९५५ में तेलुगु के व्याख्याता हुए। अध्यापन के साथ-साथ उन्होंने अध्ययन जारी रखा और १९६२ में पीएचडी कर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की।

उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय के तेलुगु विभाग में अध्यापन किया। शिक्षाविद के रूप में वे अत्यंत लोकप्रिय रहे और १९७६ में उस्मानिया में प्रोफ़ेसर बने। मधुर स्वर में तेलुगु साहित्य पर दिए गए उनके व्याख्यानों की लोकप्रियता का यह आलम था कि अन्य विभागों के छात्र अनुमति ले कर उनकी कक्षा में आ जाते और पूरा-पूरा व्याख्यान चुपचाप बैठ कर सुनते। अध्यापन के क्षेत्र में आगे चल कर वे तेलुगु विश्वविद्यालय के कुलपति बने। बहुत कम लोग यह बात जानते हैं कि सिनारे स्कूलों में भी तेलुगु को प्रथम भाषा की तरह प्रतिष्ठित करने में सहायक थे, वरना विद्यार्थी कम अंकों के डर से तेलुगु लेना पसंद नहीं करते थे।

नारायण की शादी सुशीला जी से हुई और उनकी चार पुत्रियाँ हुईं। उन्होंने अपनी पुत्रियों के नाम भारत की पवित्र नदियों के नाम पर रखे - गंगा, यमुना, सरस्वती, और कृष्णवेणी। अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद उनके नाम पर उन्होंने एक अवार्ड की स्थापना की, जिसे हर साल किसी प्रतिभाशाली महिला लेखिका को दिया जाता है।

रचना संसार

डॉक्टर श्रीनारायण रेड्डी का लेखन बहुत उर्वर और विस्तृत रहा। "कविता मेरा पता है" शीर्षक से किताब लिखने वाले इस विद्वान के हृदय की विश्रामस्थली वस्तुतः कविता ही थी। उनकी शुरुआती शिक्षा उर्दू माध्यम से हुई थी, इसीलिए उर्दू शायरी की रवायत में उन्हें गहरी दिलचस्पी थी। तेलुगु के साथ-साथ उन्हें उर्दू, फ़ारसी, अँग्रेज़ी और हिंदी भाषाओं में भी महारत हासिल थी। ग़ज़ल लेखन में वे तेलुगु और उर्दू, दोनों ही भाषाओं में सिद्धहस्त थे। उनकी तेलुगू रचनाओं में उर्दू शायरी का सूक्ष्म प्रभाव मुक्त रूप से साँस लेता है। तेलुगु भाषा पर उनका अद्वितीय अधिकार था।  भाषा उनके भावों के अनुरूप, उनकी लेखनी से निसृत होकर काव्य में ढल जाती।

१९५१ के आसपास इनकी सृजनशीलता की कहानी का एक महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब उस्मानिया विश्वविद्यालय में युवा स्नातक छात्र के रूप में उन्होंने तेलुगु विभाग द्वारा आयोजित एक कवि सम्मेलन में भाग लिया। इस सम्मेलन में उनकी आंदोलित करती कविताओं के कारण उनकी बड़ी वाह-वाही हुई। १९५२ में जब वे मात्र बीस वर्ष के थे तब उनका पहला काव्य संकलन 'नव्वनि पुव्वु' (फूल जो नहीं हँसा) प्रकाशित हुआ।

१९५९ में प्रकाशित 'वेन्नेल वाड' (चाँदनी भरा क़स्बा) उनकी प्रसिद्ध रचनाओं में शामिल है- यह रोमानी संगीत-नाटकों की एक पुस्तक है जिसने तेलुगु लोकगीतों को आम पाठकों तक पहुँचाया। १९६४ में उनकी महत्वपूर्ण पुस्तक 'ऋतु चक्रम' आई। तेलुगु साहित्य-संसार डॉ० रेड्डी जी को एक प्रयोगशील कवि मानता है। छह-सात दशक के निरंतर काव्य सृजन के बावजूद डॉ० रेड्डी की कविताओं में एक ताज़गी सी है। ऐसा नहीं है कि उन्होंने छंदयुक्त ही लिखा है, परंतु उनके मुक्त छंद में भी एक गेयता है, एक लय है। उनकी लेखन शैली किसी अन्य लेखक से उधार नहीं ली गई, न ही उनकी कविताएँ काल या कला से प्रतिबंधित हैं। उनकी कविताएँ तो मानवमूल्यों, आशा और मानवता का जयघोष हैं। उनकी शुरुआती कविता में छायावाद और प्रयोगशीलता, दोनों के लक्षण मिलते हैं। उनकी रचनाएँ निजी भाव, वृहद् मानव प्रेम, राष्ट्रीयता, आँचलिकता- इन सब का ऐसा संयोजन हैं कि उनको किसी एक श्रेणी में रखना संभव नहीं।  विश्व मानवता पर विश्वास रखने वाला यह कवि अपनी किताब 'अक्षरों के गवाक्ष' में कहता है कि जब तक चिंतन की चिंगारी मानव मन में जलती रहेगी, तब तक जीवन का ऊषा काल ही है, संध्या नहीं।

उनकी महत्त्वपूर्ण काव्य पुस्तक 'विश्वम्भरा' उन किताबों में से एक है जिसे एक ही साल में तीन महत्त्वपूर्ण पुरस्कार मिले। विश्वम्भरा वाचन काव्य परंपरा में लिखी गई पुस्तक है। पूरी सृष्टि के कैनवास पर लिखी यह एक अद्भुत और महत्त्वपूर्ण काव्यकृति है। विश्वम्भरा का तीन भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। भारतीय ज्ञानपीठ ने विश्वम्भरा के बारे में लिखा - "...अंततः अपनी महाकाव्य कविता विश्वम्भरा (१९८०) में मनुष्य की एक सार्वभौमिक दृष्टि के साथ उभरा। विश्वम्भरा उनकी महान कृति है जिसमें उन्होंने न केवल मुक्त छंद में महाकाव्य के एक नए रूप को विकसित किया, बल्कि कलात्मक उत्कृष्टता, वैज्ञानिक उन्नति और आध्यात्मिक प्राप्ति की युगों से कोशिश कर रहे मनुष्य को अपनी त्रिकोणीय यात्रा में भी पेश किया। उनके सभी लेखन में गेय रोमांटिकवाद, आशावादी मानवतावाद, प्रगतिशील आदर्शवाद और स्वस्थ यथार्थवाद का एक अच्छा मिश्रण है।"

हिंदी में इसका अवुवाद डॉ० भीमसेन निर्मल (रीडर हिंदी विभाग, उस्मानिया विश्विद्यालय) ने किया है। इसका प्रथम हिंदी संस्करण १९८४ में लोकभारती प्रकाशन से आया था। 'विश्वम्भरा' एक प्रयोगशील, प्रतीक प्रधान काव्य है। यह मानव के उद्भव से मानव जीवन के विकास तक की यात्रा को दर्ज़ करती है। अनुवादक कहते हैं, "एक कुशल चित्रकार की तरह कवि ने इसमें अनेकानेक शब्द-चित्र प्रस्तुत किए, जिनका अनुवाद आसान नहीं था।" एक बानगी देखिए,

"ऋषिता का, पशुता का

संस्कृति का, दुष्कृति का

स्वच्छंदता का, निर्बन्धता का

समार्द्रता का, रौद्रता का

पहला बीज है मन।

मन का आवरण मानव

मानव का आच्छादन जगत

यही है विश्वम्भरा तत्व

यही है अनंत जीवन सत्य।"

विश्वम्भरा के लोकार्पण पर भव्य समारोह संपन्न हुआ जिसमें उस समय के आंध्र प्रदेश के मुख्य मंत्री एन० टी० रामाराव ने इसका विमोचन किया और पहली बार हिंदी में भाषण दिया। डॉ० रेड्डी अपनी कविताओं को सुमधुर ढंग से सुना कर श्रोताओं को बाँधने में माहिर थे ही, उस पर रामाराव जी के गंभीर मधुर स्वर - सोने पर सुहागा थे। सभा का आनंदोल्लास अवर्णनीय था। १९६८ से १९८२ तक के उनके साहित्यिक अवदान पर उन्हें १९८८ में ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला। उन्हें पुरस्कार देते समय ज्ञानपीठ के पत्र में लिखा था, "डॉ० रेड्डी के अंदर एक रचनाकार की प्रतिभा और एक संचारक के आकर्षण का अद्भुत संयोजन है।"

डॉ० रेड्डी की ८० पृष्ठों की लंबी कविता 'भूमिका' का अनुवाद उस्मानिया विश्विद्यालय की प्रोफेसर माणिक्याम्बा मणि ने किया।

काव्य के अतिरिक्त सिनारे ने तेलुगु में स्वयं कई महत्वपूर्ण अनुवाद किए और शोध प्रबंध भी लिखे। मीरा, गाँधी, खलील जिब्रान आदि के अमर कृतियों/कथनों का उन्होंने अनुवाद किया है। १९६७ में लिखा उनका शोध प्रबंध 'आधुनिक आंध्र कविता : परंपरा एवं प्रयोग' साहित्यिक तबकों में बहुचर्चित रहा।

सिनारे ने केवल गंभीर साहित्य ही नहीं बल्कि ३५०० से अधिक फ़िल्मी गीत भी लिखे। १९६२ में एन० टी० रामाराव ने फ़िल्म 'गुलेबकावली कथा' में पहली बार उनसे सारे गीत लिखवाए, जिसमें सुपरहिट गीत 'नन्नु दोचु कुंदुवटे' भी शामिल है। सिनारे भाषा-सौंदर्य से भरे गीत लिखने के लिए प्रतिबद्ध रहे और फ़िल्मी कामयाबी या ग़ैर-कामयाबी की चिंता और दवाब भी उन्हें भाषा की शुद्धता से डिगा न सके। उन्होंने जनपदीय भाषा (बोली) में संदर्भ के अनुरूप फिल्मों के लिए श्रुतिमधुर गीतों की रचना भी की जो लोकगीत की परंपरा के वाहक बने। १९६५ में डॉक्टर रेड्डी महासचिव के रूप में प्रपंच (विश्व) तेलुगु लेखक सम्मेलन के वार्षिक समारोह के आयोजन में सहायक रहे और उन्होंने आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

लेखन के लिए १९७७ में उन्हें पद्मश्री और १९९२ में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। डॉ० रेड्डी को अगस्त १९९७ में राजयसभा के लिए मनोनीत किया गया। वे एक अच्छे इंसान थे, इसीलिए राजनीति की तंग गलियों में भी हर मोड़ पर उनके दोस्त थे। उन्होंने संसद सदस्य के रूप में भी अपने काम से अपनी पहचान बनाई। राज्यसभा में उनके दिए गए भाषणों पर २०१९ में एक किताब भी निकली है। उनके परम मित्र न्यायमूर्ती जस्ती चेलमेश्वर अपनी ४५ वर्ष की दोस्ती को याद करते हुए कहते हैं, "इंदिरा पार्क में सुबह की सैर करते हुए नारायण की कविताओं का पहला श्रोता मैं था।"

नारायण रेड्डी तेलुगू भाषा और साहित्य में महारत रखने वाले शब्द-साधक ही नहीं शब्द-शासक भी थे। साहित्य सभाओं में अपनी प्रवाहमयी वाग्मिता से वे तेलुगु भाषा और संस्कृति को संरक्षित करने और तेलुगु को युवा पीढ़ी के बीच लोकप्रिय बनाने के प्रति समर्पित थे।

१२ जून २०१७ को ८५ वर्ष की अवस्था में हैदराबाद में उनकी साँसों की कविता ने उनसे विदा ली और उनका निधन हो गया। यह तेलुगु ही नहीं, भारतीय साहित्य की भी गहरी क्षति थी। उनके निधन पर गवर्नर सी० विद्यासागर राव ने कहा, "डॉक्टर रेड्डी बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। तेलंगाना के अतिविशिष्ट कवियों और लेखकों में सर्वोत्तम थे। उनके जाने से तेलुगु का एक सितारा खो गया है। यह क्षति कोई भी पूरी नहीं कर सकेगा।"

 कविता को साँसों में बसाने वाले की अपनी ही साँसें रुक जाएँ तो काव्य संसार में एक अभेद्य मौन छा जाता है, यह मौन उनके प्रशंसकों को आज भी महसूस होता है।


चित्र १ : सी० नारायण रेड्डी जी की लंबी कविता की किताब 'भूमिका' के मणि जी द्वारा किए हिंदी अनुवाद की पुस्तक का लोकार्पण समारोह। यहाँ चित्र में रेड्डी जी, मणि जी के साथ हैं, वाइस चांसलर प्रो० अभय मौर्या।

चित्र २ : प्रो० मणि श्री नारायण रेड्डी से एन० गोपी की रचना "जलगीत" के अनुवाद पर प्रशस्ति लेते हुए।

सी० नारायण रेड्डी : जीवन परिचय

नाम

डॉ० चिंगिरेड्डी/सिंगीरेड्डी नारायण रेड्डी 'सिनारे'

जन्म

२९ जुलाई १९३१ (करीम, हनुमाजीपेत, तेलंगाना)

माता / पिता

 श्रीमती बुचाम्मा और श्री मल्ला रेड्डी

प्राथमिक शिक्षा

करीमनगर से हाई स्कूल पास

उच्च शिक्षा

बीए व एमए (तेलुगु) उस्मानिया विश्वविद्यालय हैदराबाद, १९५४

पीएचडी, १९६२

कार्यक्षेत्र

प्रोफ़ेसर, कुलपति, राजयसभा सदस्य, कवि, लेखक, आलोचक, आयोजक, सिनेगीत लेखक

मुख्य किताबें

गेय काव्य

फूलों के गीत (१९५१-५२)

गेय नाटक

अनहँसा फूल (१९५३), अजंता सुंदरी (१९५५), ज्योत्स्ना वीथी (१९५९), पीढ़ियों की तेलुगु ज्योति (१९७५)

खंड काव्य

जल प्रपात (१९५३), नारायण रेड्डी के गीत (१९५५), दीपों के नूपुर (१९५९), अक्षरों के गवाक्ष (१९६५), मध्यवर्ग का मंदहास (१९६८), एक और इंद्रधनुष (१९६९), आग और इंसान(१९७०), आमने-सामने (१९७१), इंसान और तोता (१९७२), उदय है मेरा हृदय (१९७३), परिवर्तन है मेरा फैसला (१९७४), तेज है मेरी तपस्या (१९७५), घर का नाम है चैतन्य (१९७६), मंथन(१९७८), मृत्यु से (१९७९), विश्वम्भरा (१९८१)

सुदीर्घ गीति-काव्य

विश्वगीति (१९५४), भूमिका (१९७७)

इतिवृत्तात्मक  गेय-काव्य

नागार्जुन सागर (१९५५), स्वप्न भांग (१९५७) कर्पूर वसंतराय (१९५७), विश्वनाथ नायक (१९५९), ऋतुचक्र (१९६४), निखरा राष्ट्र का रत्न पंडित नेहरू (१९६७)

गीति-नाटक

रामप्पा का मंदिर (१९६०), नारायण रेड्डी की नाटिकाएँ (१९७८)

गेय सूक्ति संकलन

समदर्शन (१९६०)

निबंध संकलन

व्यास वाहिनी (१९६५), हमारा गाँव बोल उठा (१९८०), समीक्षणं (१९८१)

शोध प्रबंध

आधुनिक आंध्र कविता : परंपरा एवं प्रयोग (१९६७)

अनुवाद

गाँधीयम (१९६९) - महात्मा गाँधी जी की सूक्तियों का अनुवाद

मीराबाई (१९७२) - मीरा के ५० पदों का अनुवाद

चोटियाँ और घाटियाँ (१९७४) - खलील जिब्रान का अनुवाद

मोतियों की कोयलिया (१९७९) - सरोजिनी नायडू के ५० गीतों का अनुवाद

व्याख्या

मंदार मकरंद (भक्त प्रवर पोतन्ना के ५० पद्यों की व्याख्या

यात्रा संस्मरण

शौक के तीन सप्ताह (यूरोप की यात्रा)

सोवियत रूस में दस दिन

पाश्चात्य देशों में पचास दिन

फिर रूस में

सिनेगीत

तीन हज़ार पाँच सौ से अधिक सिनेमा गीत। एक संकलन - दिन में ही खिली चाँदनी

मुख्य सम्मान 

साहित्य अकादमी पुरस्कार, १९७३

पद्मश्री, १९७७

कला प्रपूर्ण १९७८

महाकवि कुमारन आसान पुरस्कार (केरल)

भीलवाड़ा पुरस्कार (कोलकोता)

सोवियतलैंड नेहरू पुरस्कार

ज्ञानपीठ, १९८८

पद्मभूषण, १९९२

साहित्य अकादमी की फेलोशिप 'महत्तर सदस्यता', २०१५

संदर्भ

लेखक परिचय

प्रोफ़ेसर पी० मणिक्याम्बा 'मणि'






उस्मानिया विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष पद से रिटायर हुई हैं। उन्होंने सी० नारायण रेड्डी जी की कविता की किताब 'भूमिका' का हिंदी अनुवाद किया है। वे हैदराबाद में रहती है और स्वतंत्र लेखन कर रही हैं।

manikyamba@gmail.com





शार्दुला नोगजा

शार्दुला नोगजा ने परियोजना प्रबंधक के रूप में इस आलेख को अपने शब्दों में बाँधा है। इसकी अधिकांश शोध-सामग्री और किताब से सामग्री प्रो० मणि ने उपलब्ध करवाई है। शार्दुला सिंगापुर में तेल और ऊर्जा क्षेत्र में कार्यरत हैं।
Shardula.nogaja@gmail.com

आलेख पढ़ने के लिए चित्र पर क्लिक करें।

कलेंडर जनवरी

Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat
            1वह आदमी उतर गया हृदय में मनुष्य की तरह - विनोद कुमार शुक्ल
2अंतः जगत के शब्द-शिल्पी : जैनेंद्र कुमार 3हिंदी साहित्य के सूर्य - सूरदास 4“कल जिस राह चलेगा जग मैं उसका पहला प्रात हूँ” - गोपालदास नीरज 5काशीनाथ सिंह : काशी का अस्सी या अस्सी का काशी 6पौराणिकता के आधुनिक चितेरे : नरेंद्र कोहली 7समाज की विडंबनाओं का साहित्यकार : उदय प्रकाश 8भारतीय कथा साहित्य का जगमगाता नक्षत्र : आशापूर्णा देवी
9ऐतिहासिक कथाओं के चितेरे लेखक - श्री वृंदावनलाल वर्मा 10आलोचना के लोचन – मधुरेश 11आधुनिक खड़ीबोली के प्रथम कवि और प्रवर्तक : पं० श्रीधर पाठक 12यथार्थवाद के अविस्मरणीय हस्ताक्षर : दूधनाथ सिंह 13बहुत नाम हैं, एक शमशेर भी है 14एक लहर, एक चट्टान, एक आंदोलन : महाश्वेता देवी 15सामाजिक सरोकारों का शायर - कैफ़ी आज़मी
16अभी मृत्यु से दाँव लगाकर समय जीत जाने का क्षण है - अशोक वाजपेयी 17लेखन सम्राट : रांगेय राघव 18हिंदी बालसाहित्य के लोकप्रिय कवि निरंकार देव सेवक 19कोश कला के आचार्य - रामचंद्र वर्मा 20अल्फ़ाज़ के तानों-बानों से ख़्वाब बुनने वाला फ़नकार: जावेद अख़्तर 21हिंदी साहित्य के पितामह - आचार्य शिवपूजन सहाय 22आदि गुरु शंकराचार्य - केरल की कलाड़ी से केदार तक
23हिंदी साहित्य के गौरव स्तंभ : पं० लोचन प्रसाद पांडेय 24हिंदी के देवव्रत - आचार्य चंद्रबलि पांडेय 25काल चिंतन के चिंतक - राजेंद्र अवस्थी 26डाकू से कविवर बनने की अद्भुत गाथा : आदिकवि वाल्मीकि 27कमलेश्वर : हिंदी  साहित्य के दमकते सितारे  28डॉ० विद्यानिवास मिश्र-एक साहित्यिक युग पुरुष 29ममता कालिया : एक साँस में लिखने की आदत!
30साहित्य के अमर दीपस्तंभ : श्री जयशंकर प्रसाद 31ग्रामीण संस्कृति के चितेरे अद्भुत कहानीकार : मिथिलेश्वर          

आचार्य नरेंद्रदेव : भारत में समाजवाद के पितामह

"समाजवाद का सवाल केवल रोटी का सवाल नहीं है। समाजवाद मानव स्वतंत्रता की कुंजी है। समाजवाद ही एक सुखी समाज में संपूर्ण स्वतंत्र मनुष्यत्व...