Thursday, June 2, 2022

रमेश कुंतल मेघ : सौंदर्यबोध के नए आयामों की खोज में

 

हिंदी साहित्य में सौंदर्यबोध के नए आयामों को परखने और उद्घाटित करने वाले विशिष्ट चिंतक-आलोचक रमेश कुंतल मेघ का जन्म ०१ जून १९३१ में बुंदेलखंड के एक छोटे-से शहर सागरताल में हुआ। उनकी आरंभिक शिक्षा मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों से उत्तरप्रदेश के कानपुर, इलाहाबाद, बनारस से होती रही। पिता रेलवे सेवा में थे, स्थानांतरण होता रहा। परिवार के विषय में वे कहते हैं, "मेरे पिताजी मिडिल क्लास पास थे। मेरी मां निरक्षर भट्टाचार्या थीं।" विज्ञान विषय छोड़कर पारिवारिक विरोध के बावजूद वे साहित्य की दुनिया में जब आ गए, तो फिर मुड़कर नहीं देखा। यहीं आकर उन्होंने रमेश प्रसाद मिश्र से रमेश कुंतल और फिर कुंतल मेघ तक की यात्रा की। संस्कृत में भाषिक क्रांति के जनक आचार्य कुंतक और फिर बड़े बालों के कारण मेघ! उनकी अभिरुचि चित्रकला में भी थी, उनकी कई पुस्तकों के मुखपृष्ठ स्वयं उन्होंने बाद तक बनाए; किंतु दृष्टि संबंधी परेशानी के कारण इस कला को त्यागना पड़ा और वे साहित्य को समर्पित हुए। इस कला ने ही उन्हें वह सौंदर्याभिरुचि दी कि आगे के जीवन में सौंदर्य के संधान के प्रति समर्पण जागा। 

वे मानते हैं कि उनका चित्रकला का शौक सौंदर्य-शास्त्र के प्रति लगाव में बदला। कार्ल मार्क्स और हजारी प्रसाद द्विवेदी इन दोनों को वे गुरु का दर्जा देते हैं। द्विवेदी जी के प्रति अपनी आस्था को शब्द देते हुए वे कहते हैं, "मैं तो मिट्टी था, मुझे बनाया आचार्य जी ने।" अपनी जीवन-दृष्टि के संबंध में वे कहते हैं, "सब संस्कारों से गुजरा हूँ, लेकिन मैं ये सारी केंचुलें छोड़ता चला गया: एक केंचुल पकड़ ली मानवतावाद, मार्क्सिस्ट ह्यूमनिज्म।"

उन्होंने हिंदी साहित्य में एम०ए० और पी०एच०डी० उपाधि प्राप्त की। अध्ययन समापन पर मेघ जी का आरंभिक जीवन अध्यापक के रूप में बिहार प्रांत के आरा जिले से शुरू हुआ। प्रोफ़ेसर एवं अध्यक्ष हिंदी विभाग की भूमिकाओं में वे चंडीगढ़ (१९६०- ७४) जालंधर (छ: वर्ष), अंबाला से अंततः अमृतसर पहुंचे और लंबे अरसे तक यहाँ महत्त्वपूर्ण काम किया। वे अमेरिका में फुलब्राइट स्कॉलर भी रहे। १९९१ में वे गुरु नानकदेव विश्वविद्यालय अमृतसर से सेवानिवृत्त हुए। 

अपने शिष्यों में प्रसिद्ध लेखक डॉ० गंगा प्रसाद विमल के लिए वे गर्व से कहते हैं, "गंगा प्रसाद विमल मेरे पहले पी०एच०डी० थे।"

वे केवल प्रोफ़ेसर रमेश कुंतल मेघ नहीं, जनवादी लेखक संघ पंजाब के अध्यक्ष कामरेड रमेश कुंतल के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। सर्वप्रथम संपादक डॉ० विनय ने अपनी पत्रिका 'दीर्घा' का अंक रमेश कुंतल मेघ पर केंद्रित किया। 'पल प्रतिपल' पत्रिका के संपादक देश निर्मोही ने सितंबर-दिसंबर अंक में लिखा, "प्रस्तुत अंक में हिंदी के वरिष्ठ आलोचक रमेश कुंतल मेघ पर विशेष खंड केंद्रित किया जा रहा है। इस खंड में उनका आत्मकथ्य, विनोद शाही से उनकी लंबी बातचीत और डॉ० मैथिली प्रसाद भारद्वाज का उनकी समीक्षा-दृष्टि पर एक विस्तृत मूल्यांकन हासिल किया गया है। यह पूरी सामग्री रमेश कुंतल मेघ को एक दार्शनिक, सौंदर्यशास्त्री, समाज-विज्ञानी एवं गंभीर आलोचक के रूप में हमारे सामने रखती है।" उन पर एक पुस्तक डॉ० अश्विनी पाराशर ने संपादित की है, 'अनंत से अशेष तक' जो उनकी २००४ से २०१८ तक की जीवन और साहित्य यात्रा को समेटती है। 'बरोह' पत्रिका ने वर्ष २०१९ में एक बार फिर डॉ० मेघ के मूल्यांकन का प्रयास किया। बनारस जन पत्रिका का मेघ केंद्रित अंक डॉ० प्रदीप सक्सेना के संपादन में फरवरी २०२२ में आया। पत्रिका के 'अपनी ज़मीन से' शीर्षक के अंतर्गत मेघ जी को सौंदर्य-तत्त्ववेत्ता, समाज-दार्शनिक, कला-सिद्धांतकार, आलोच्य-चिंतक कहकर संबोधित किया गया है।  

इस समग्र अध्ययन के सार स्वरूप यह कहा जा सकता है कि डॉ० रमेश कुंतल मेघ का अध्ययन मुख्यतः आधुनिकता, सौंदर्यशास्त्र, समाजशास्त्र और मिथक जैसे क्षेत्रों का संस्पर्श करता है। हिंदी जगत को उनकी देन यह है कि आलोचना में अंतरानुशासन को महत्त्व देते हुए उन्होंने मध्यकालीन संस्कृति और साहित्य के सौंदर्यशास्त्रीय और समाजशास्त्रीय अध्ययन की पहल की। उन्होंने मध्यकालीन सौंदर्यशास्त्र का विश्लेषण किया। वे कृति की सौंदर्य-दृष्टि और सामाजिक भूमिका के माध्यम से मूल्यांकन करने वाले आलोचक हैं। 'तुलसी आधुनिक वातायन से' और 'मन खंजन किनके' कृतियाँ इसी श्रेणी में आती हैं। 


उनकी व्यावहारिक आलोचना 'क्योंकि समय एक शब्द है' जैसी कृति में रूप पाती है, तो पारिभाषिक शब्दों के माध्यम से भी उन्होंने अपनी स्थापनाएँ की हैं। डॉ० मेघ के जादुई व्यक्तित्त्व को साहित्य का 'पारंपरिक और आधुनिक सौंदर्य-शास्त्रीय व्याख्याकार' कहकर शब्द-बद्ध करने की कोशिश की गई है। 


आलोचक मानते हैं कि डॉ० रमेश कुंतल मेघ ने हिंदी आलोचना को काव्यशास्त्र के घेरे से बाहर निकाल कर समाजशास्त्र और सौंदर्यबोध के शास्त्र से जोड़ने का बड़ा काम किया। उनकी नई निष्पत्तियों और नई अवधारणाओं को मान देने का आग्रह भी रहा है। हिंदी की कई पत्र-पत्रिकाओं में उनकी मान्यताएँ और स्थापनाएँ बहस का मुद्दा बनी और पर्याप्त वाद-विवाद हुआ। अपनी कृतियों में वे चुनौती, प्रश्न और समस्याएँ उठाते रहे हैं; इसलिए उनके लेखन में संप्रेषण और कठिनाई के मद्देनज़र पाठक की ओर से विशेष बौद्धिक तैयारी की आवश्यकता को रेखांकित किया गया है। उन्होंने साहित्यिक कृतियों, कृतिकारों, मूर्तिकला, चित्रकला और वास्तु जैसे विषयों पर विविधतापूर्ण विचार प्रकट किए हैं। कविता के संदर्भ में उनका एक महत्त्वपूर्ण कथन है, "छंद अगर कविता से चला गया है तो हिंदी कविता लोक के पास नहीं जा पाएगी। छंद लोक के पास ले जाता है।"


मिथकों पर अपने महत्वपूर्ण कार्य में उनकी यह दृष्टि व्यक्त हुई है, "प्रतीकों के रूप (फॉर्म्स) तो राष्ट्रीय होते हैं, किंतु अंतर्वस्तु (कंटेंट) वैश्विक।"


सृजन के क्षेत्र में मेघ जी का आलोचना कर्म 'प्रसाद और उनकी कामायनी' से आरंभ होता है। उसके बाद उनके लेखन की विशद शृंखला से हमारा साक्षात्कार होता है। उनकी प्रमुख कृतियाँ हैं,

  • मिथक और स्वप्न : कामायनी की मनस्सौंदर्य सामाजिक भूमिका (१९६७)

  • तुलसी : आधुनिक वातायन से (१९६७) 

  • आधुनिकता बोध और आधुनिकीकरण (१९६९)

  • मध्ययुगीन रस दर्शन और समकालीन सौंदर्य बोध (१९६९) 

  • क्योंकि समय एक शब्द है (१९७५) 

  • कला शास्त्र और मध्ययुगीन भाषिकी क्रांतियाँ (१९७५) 

  • सौंदर्य-मूल्य और मूल्यांकन (१९७५) 

  • अथातो सौंदर्य जिज्ञासा (१९७७) 

  • साक्षी है सौंदर्य प्राश्निक (१९८०)

  • वाग्मी हो लौ! (१९८४) 

  • मन खंजन किनके? (१९८५)

  • कामायनी पर नई किताब (१९९५) 

इनके अतिरिक्त खिड़कियों पर आकाशदीप, शील और सौंदर्य, मिथक से आधुनिकता तक, मानव देह और हमारी देह भाषाएँ पुस्तकों का प्रकाशन भी हुआ।

निस्संदेह उनके लेखन, सृजन और चिंतक की कुछ सीमाएँ भी हैं। भाषा के स्तर पर दुरूहता इनमें से एक है। वे एक कठिन आलोचक माने जाते हैं। बहुत-सी स्वरचित शब्दावलियों ने उनके लेखन की दुरूहता को बढ़ाया। 'विश्व मिथक सरित्सागर' से इसका एक उदाहरण पर्याप्त है, "मिथक के रहस्य से संदर्श की माया तक का एक विशृंखल सिलसिला है जिसके बीच रूपक एवं मिथ्यात्व, अवचेतन एवं अनिवर्चनीयता छाई है। गोया मिथक का चमत्कार, संदर्श का मायावरण एवं सौंदर्य की अनुभूति तीनों एक तान हैं।"

इस प्रसंग में वे स्वयं कहते हैं, "एक चुटकुला मेरे बारे में बनाया कि हजारी प्रसाद द्विवेदी ने गंगा प्रसाद विमल से कहा कि विमल कुंतल की किताब आई है, ज़रा इसका हिंदी अनुवाद तो करके हमें पढ़ा दो...यह मुहावरा बड़ा चल गया।"

उनके व्यक्तित्त्व का एक संवेदनशील पहलू उन पत्रों में उजागर होता है, जो उन्होंने प्रियजनों को लिखे। इन पत्रों में रमेश कुंतल मेघ कुछ अलग तरह से पेश आते हैं। उनके जीवन-मूल्यों और जीवन की ऊष्मा का परिचय मिलता है। जब एक पत्र में वे कहते हैं, “ऊम्र ऐसी है हम सभी की, कि कुछ लाभों के लिए समझौतों का बीमा भी गुपचुप करते चलते हैं।” 

एक अन्य पत्र में साहित्यिक परिदृश्य पर यह महत्त्वपूर्ण टिप्पणी करते हैं, "हिंदी संसार सर्वत्र एक जैसा है: चावल, दाल, तिल और कंकड़ों का मिश्रण। एक भयानक तथा दर्दनाक स्थिति है कि अस्मिता मिट गई है, आत्मरति में लेखक मंत्रमुग्ध हैं, ‌‌...चारों ओर घटियापन-अनगढ़पन के माहौल में सभी लोग प्रतिभाशाली होने के मुखौटों से लैस हैं। व्यक्तिवाद और उपभोक्तावाद में यही नियति होती है: हर रचना और संस्कृति वस्तु बन जाती है, ...उपयोग-उपभोग की हेतु। तुम जैसे लोग आत्मदीप जलाए संघर्ष करते रहते हो। मैं भी तो यही करता आ रहा हूँ।" कभी बहुत सादगी से मित्र को टेरते हैं, कभी इधर भी आओ। संबंधों के लिए यह साझेदारी भी लाजिमी होती है।"

हिंदी जगत में प्रोफ़ेसर मेघ के योगदान को महत्त्वपूर्ण आलोचकों ने अपनी-अपनी तरह से प्रस्तावित किया है। डॉ० शिव कुमार मिश्र ने यदि उन्हें सौंदर्यबोध-शास्त्र का गंभीर और मर्मी व्याख्याता कहा है, तो डॉ० कृष्णदत्त पालीवाल के शब्दों में, "सौंदर्यबोध-शास्त्र क्या है? शिव की जटाएँ हैं, जिन्हें सुलझाने में डॉ० मेघ ने अपना जीवन समर्पित कर दिया। ...सौंदर्यबोध-शास्त्र के क्षेत्र में डॉ० मेघ का प्रदेय अविस्मरणीय है।"

डॉ० रमेश कुंतल मेघ : जीवन परिचय

वास्तविक नाम

रमेश प्रसाद मिश्र

जन्म

०१ जून १९३१

गुरु

कार्ल मार्क्स और आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी

अध्ययन की दिशाएँ

कला, दर्शन, सौंदर्य-शास्त्र, मिथक

शिक्षा व कार्य-क्षेत्र

स्नातक

प्रयाग विश्वविद्यालय, इलाहाबाद

स्नातकोत्तर

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, बनारस

पी०एच०डी०

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, बनारस

कार्य-क्षेत्र (अध्यापन)

  • महाराजा कॉलेज आरा बिहार १९५७-१९६६ 

  • पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ १९६६-१९७२

  • गुरुनानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर १९७२-१९८६-१९९२

  • लखनऊ विश्वविद्यालय (विजिटिंग प्रोफ़ेसर) १९९२-१९९३

  • यूनिवर्सिटी ऑफ़ अराकांसस अमेरिका २०००-२००१

साहित्यिक रचनाएँ

  • मिथक और स्वप्न : ‘कामायनी’ की मनस्सौंदर्य सामाजिक भूमिका (१९६७)- ग्रंथम, रामबाग, कानपुर

  • तुलसी : आधुनिक वातायन से (१९६७)- राधाकृष्ण प्रकाशन, नई दिल्ली

  • आधुनिकता बोध और आधुनिकीकरण (१९६९)- अक्षर प्रकाशन (प्रा०लि०)

  • मध्ययुगीन रस दर्शन और समकालीन सौंदर्य बोध (१९६९)- राधाकृष्ण प्रकाशन

  • क्योंकि समय एक शब्द है (१९७५)- लोकभारती प्रकाशन

  • कला शास्त्र और मध्ययुगीन भाषिकी क्रांतियाँ (१९७५)- गुरुनानक वि०वि०

  • विश्व मिथक सरित्सागर

  • सौंदर्य-मूल्य और मूल्यांकन (१९७५)- नेशनल पब्लिशिंग हाउस

  • अथातो सौंदर्य जिज्ञासा (१९७७)- वाणी प्रकाशन 

  • साक्षी है सौंदर्य प्राश्निक (१९८०)- नेशनल पब्लिशिंग हाउस

  • वाग्मी हो लौ ! (१९८४)

  • मन खंजन किनके? (१९८५)- वाणी प्रकाशन

  • कामायनी पर नई किताब (१९९५) 

पुरस्कार व सम्मान

  • साहित्य अकादमी पुरस्कार २०१७, ('विश्व मिथक सरित्सागर' के लिए)


संदर्भ

  • विश्व मिथक सरित्सागर

  • पत्रिका बनास जन फरवरी २०२२ 

  • विकीपीडिया


लेखक परिचय

डॉ० विजया सती 

पूर्व एसोसिएट प्रोफ़ेसर, हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय
पूर्व विजिटिंग प्रोफ़ेसर, ऐलते विश्वविद्यालय, बुदापैश्त, हंगरी
पूर्व प्रोफ़ेसर हान्कुक यूनिवर्सिटी ऑफ़ फ़ॉरन स्टडीज़, सिओल, दक्षिण कोरिया

प्रकाशनादि- राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय गोष्ठियों में आलेख प्रस्तुति और उनका प्रकाशन

संप्रति - स्वांतः सुखाय, लिखना-पढ़ना

ईमेल - vijayasatijuly1@gmail.com

Wednesday, June 1, 2022

सत्येन्द्रनाथ ठाकुर : भारत के प्रथम प्रशासनिक अधिकारी

 

सत्येंद्रनाथ ठाकुर एक मशहूर लेखक, कवि, अनुवादक, साहित्यकार और समाज सुधारक के रूप में जाने जाते हैं। ये भारत के प्रथम आईसीएस (इंडियन सिविल सर्विसेज) अधिकारी थे जिन्होंने ब्रिटिश साम्राज्य के गर्व को खंडित  कर आईसीएस में चयनित हो कर दिखाया।

सत्येंद्रनाथ का जन्म १ जून १८४२ में 'जोरासांको' कोलकाता में हुआ। उनके पिता देवेंद्रनाथ ठाकुर और माँ शारदा देवी थीं। उनके  तेरह भाई-बहन थे, जिसमें से विश्व प्रसिद्ध कवि रवींद्रनाथ ठाकुर उनके छोटे भाई थे। राजेंद्रनाथ, बीरेंद्रनाथ, सोमेंद्रनाथ, सुवर्णाकुमारी, सुकुमारी, वर्णकुमारी ये सभी उनके सहोदर थे। उन सभी को साहित्य और कला के क्षेत्रों में प्रसिद्धि प्राप्त थी।

सत्येंद्रनाथ एक कुशाग्र विद्यार्थी थे। उन्होंने घर पर ही अंग्रेजी और संस्कृत सीखी। हिंदू स्कूल में पढ़ने के बाद सत्येंद्र ने कोलकाता के प्रसिद्ध प्रेसिडेंसी कॉलेज से पढ़ाई की। वे कोलकाता यूनिवर्सिटी की परीक्षा में बैठने वाले छात्रों के प्रथम बैच से थे।

आईसीएस - इंडियन सिविल सर्विसेज़ 

ब्रिटिश काल में सन १८६१ में इंडियन सिविल सर्विसेज एक्ट पास हुआ था। इसके तहत भारतीय सिविल सेवा का गठन हुआ। सत्येंद्रनाथ और उनके मित्र मनमोहन घोष ने आईसीएस परीक्षा देने की ठानी और १८६२ में लंदन जाकर तैयारी शुरू कर दी। १८६३ में सत्येंद्रनाथ आईएएस में चयनित होने वाले पहले भारतीय बने। एक भारतीय के लिए यह आसान नहीं था, जबकि तब परीक्षा में अधिकतम अंक यूरोपियन क्लासिकस को दिए जाते थे। 

 १८६४ में सत्येंद्रनाथ सिविल सर्विसेज की ट्रेनिंग कर के भारत लौट आए।

कार्यकाल

उनकी पहली नियुक्ति बॉम्बे प्रेसिडेंसी में हुई। उसके बाद १८६५ में अहमदाबाद में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट और कलेक्टर के पद पर रहे। उन्होंने अपने काम से संबंधित देश भर में यात्रा की, इससे उनको बहुत सी भाषाएँ सीखने में मदद मिली और अन्य संस्कृतियों के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। उनके तबादलों के साथ बदलते घरों में उनके साथ रहने उनके भाई-बहन आया-जाया करते रहते। रवींद्रनाथ तो कितनी ही बार उनके पास आ कर रहे। रवींद्र की पहली इंग्लैंड यात्रा पर सत्येंद्रनाथ ही उनके साथ विलायत गए थे। 

उन्होंने लगभग ३० वर्षों तक सरकारी कार्यभार संभाला और अंत में १८९७ में महाराष्ट्र के सतारा के न्यायाधीश के रूप में सेवानिवृत्त हुए।

वैवाहिक जीवन

१७ साल की उम्र में उनका विवाह आठ वर्षीय ज्ञानदानंदनी मुखोपाध्याय से हुआ। विवाह के पश्चात वे अपनी पत्नी को भी लंदन ले जाना चाहते थे, लेकिन उनके पिता देवेंद्र नाथ ने अनुमति नहीं दी। सत्येंद्रनाथ के भारत वापस आने पर ज्ञानदानंदनी देवी उनके साथ मुंबई रहने चली गई। सत्येंद्रनाथ ने महिलाओं की आजादी और उत्थान में भी अहम भूमिका निभाई, जिसमें उनकी पत्नी ज्ञानदानंदनी ने उनका पूरा-पूरा सहयोग दिया। वे उल्टे पल्ले की साड़ी पहनने वाली पहली भारतीय स्त्रियों में से एक थीं! उन्होंने १८८५ में पहली बांग्ला बाल पत्रिका 'बालक' निकाली और उसका संपादन किया। रवींद्रनाथ ठाकुर ने सबसे पहले बच्चों की कविताएँ उसी पत्रिका के लिए लिखीं थीं। 

जब सत्येंद्रनाथ मुंबई में थे तो अन्य ब्रिटिश अधिकारियों की पत्नी की तरह उन्होंने अपनी पत्नी को वहाँ बिना परदे के, पूरी स्वतंत्रता से रखा। जब वे कोलकाता वापस आए तो वायसराय के आमंत्रण पर गवर्नमेंट हाउस में आयोजित एक पार्टी में अपनी पत्नी को साथ ले गए। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था कि एक बंगाली महिला किसी ऐसे समारोह में सम्मिलित हो। यह एक साहसिक कदम था और संभ्रांत और उच्च श्रेणी के बंगाली महिलाओं के लिए पर्दा प्रथा से बाहर निकलने का प्रथम प्रयास भी। 

ऐसा एक और साहसिक कदम उठाते हुए उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चे को एक रिश्तेदार के यहाँ अकेले इंग्लैंड भेज दिया। फिर कुछ दिनों बाद वे रिश्तेदार के यहाँ से हटकर स्वयं ही एक अलग घर लेकर रहने लगीं। यह बंगाली समाज में उथल-पुथल मचाने वाली खबर थी। सत्येंद्रनाथ के सहयोग की वजह से वे  यह कर पाईं। उनके पुत्र का नाम सुरेंद्रनाथ ठाकुर और पुत्री का नाम इंदिरा देवी चौधरानी पड़ा। इंदिरा ने स्वयं एक नामी लेखिका, साहित्यकार और संगीतकार के रूप में नाम कमाया। बाद में रवींद्रनाथ ठाकुर उनसे मिलने लंदन जाते थे। सत्येंद्रनाथ की पुत्री इंदिरा देवी ने बाद में रवींद्रनाथ ठाकुर के साथ बहुत काम किया। अंत में सभी लौट कर भारत आ गए।

हिंदू मेला

१८७६ में सत्येंद्रनाथ ठाकुर बेलगछिया कोलकाता में स्थपित हिंदू मेला से जुड़े और इसके लिए बहुत सारे देशभक्ति के गीत लिखे। यहाँ सभी हिंदुओं को संगठित कर देश के लिए सोचने और देश प्रेम जागृत करने के लिए सभाएँ होती थीं। इसका कोई धार्मिक उद्देश्य नहीं था, अपितु ये देशप्रेम से संबंधित थीं। यह मेला प्रतिवर्ष चैत्र संक्रांति को आयोजित किया जाता था, जिसमें देशभक्ति के गीत और व्याख्यान हुआ करते थे। इन्हीं गीतों में सत्येंद्रनाथ का गीत, "मिले सबे भारत संतान एकतान मनोप्राण गाओ भारतेरो जशोगान" बहुत प्रसिद्ध हुआ।

"मिले शोबे भारोतेर शॉन्तान एक तान मोनोप्राण गाओ भारोतेर जशोगान

शॉबे भारोत शॉन्तान

भारोत भूमि तुल्य आछे कोनो स्थान

शॉबे भारोत शॉन्तान

कोनो आद्रि कोनो आद्रि हिमाद्रि शॉमान

भारोत भूमि तुल्य आछे कोनो स्थान

फूलोवति बोशुमति शॉतशति पुण्य वति

शॉतखोनि शॉतखोनि रत्नेर निदान

भारोतेर जय, गाओ भारोतेर जय

की भय की भय

गाओ भारोतेर जय"


अर्थात….

हम सब भारत के संतान मिल कर मन से भारत का यश गान गाएँ 

भारत भूमि के समान कोई भूमि नहीं है

हमारे हिमालय के समान कोई पर्वत नहीं है

हमारी वसुंधरा फूलों से सजी है, 

हमारे देश में रत्नों का भंडार है ,

 हमें किस बात का  डर है

आओ भारत का यशगान गाएँ 

ये देशभक्ति और देशप्रेम से ओतप्रोत गीत आज भी सबके रोंगटे खड़े कर देता है। इसे प्रथम राष्ट्रगान भी कहा जाता है।

ब्रह्म समाज

राजा राममोहन रॉय ने जब ब्रह्मसमाज की स्थापना की, तब सत्येंद्र के पिता देवेंद्रनाथ ने उसमें पूरा सहयोग दिया और स्वयं को इस कार्य के लिए समर्पित कर दिया। अपने पिता के साथ-साथ सत्येंद्रनाथ का भी ब्रह्म समाज के प्रति झुकाव था और वे उसके प्रचार व प्रसार के लिए काम करते थे। सत्येंद्रनाथ ने इंग्लैंड में भी ब्रह्म समाज का प्रसार किया और जर्मन के भाषाविद और विशारद मैक्समुलर को भी इससे अवगत कराया। १९०७ में सत्येंद्रनाथ ब्रह्मसमाज के प्रसिडेंट और आचार्य बने। उनके बड़े भाई द्विजेंद्रनाथ ठाकुर भी वहाँ आचार्य थे। द्विजेंद्रनाथ अपने भाई सत्येंद्रनाथ के बहुत करीब थे, परंतु द्विजेंद्रनाथ समाज के पारंपरिक सुधारों के अनुयायी थे जबकि सत्येंद्रनाथ इन सुधारों को तोड़ने और एक नया आधुनिक समाज बनाने के पक्ष में थे। 

साहित्यिक यात्रा

सत्येंद्रनाथ एक प्रसिद्ध लेखक, बहु भाषाविद, साहित्यकार और संगीतकार थे। उन्होंने अंग्रेजी और बांग्ला भाषा में बहुत से किताबें लिखीं जिनमें से प्रमुख हैं

१- सुशीला और बीरसिंह (नाटक १८६७)

२- बॉम्बे चित्र (१८८८)

३- नवरत्न माला

४- बौद्ध धर्म (१९०१)

५- भारतवर्षीय इंग्रेज (१९०८)

६- राजा राममोहन रॉय 

 ७- स्त्री बंधिता

८- अमार बाल्यकथा ओ बॉम्बे प्रबास (१९१५)

९- श्रीमद्भागवत गीता (बाल गंगाधर तिलक द्वारा लिखित “गीता रहस्य” का बांग्ला अनुवाद)

१०- उन्होंने बांग्ला साहित्य को संत तुकाराम से परिचित कराया और उनके अभंगों का बांग्ला में अनुवाद किया

११  - अमार बाल्यकथा

 १२ - कालिदास रचित मेघदूत का बांग्ला में अनुवाद

१३ - अपने पिता देवेंद्रनाथ ठाकुर की बांग्ला आत्मकथा का अंग्रेजी अनुवाद  

आदि।

उन्होंने बहुत सारे देशभक्ति गीत लिखे जिसमें से एक बांग्ला गीत "मिले सब भारतो संतान" जो कि हिंदू मेले में गाया जाता था, बहुत प्रसिद्ध हुआ।

सत्येंद्रनाथ ठाकुर ने कुछ समय तक तत्वबोधिनी पत्रिका का संपादन भी किया।

बॉम्बे चित्र में उन्होंने संत तुकाराम से प्रभावित होकर बहुत कुछ लिखा है। "सुशीला बीरसिंघा" एक नाटक है जो उन्होंने १८६७ में लिखा था। यह एक अंग्रेजी नाटक का रूपांतरण है। "अमार बाल्यकथा" इनकी अपनी कहानी है। सत्येंद्रनाथ के अनुसार जब ९ वर्ष में उनका यज्ञोपवीत संस्कार हो रहा था तब उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी, उन्हें केवल वह खीर खाने को मिलती थी जो उन्हें बहुत पसंद थी। आह रे बाल मन! 

 "द ऑटो बायोग्राफी ऑफ महात्मा देवेंद्रनाथ ठाकुर" में उन्होंने अपने पिता के बारे में लिखा है। सत्येंद्रनाथ ठाकुर अपने पिता से बहुत प्रभावित थे। एक संस्मरण के अनुसार देवेंद्रनाथ सभी नवरत्नों के बीच बैठें हैं और श्वेत वस्त्र धारण किए हुए ऐसे लग रहें हैं मानों स्वयं अडिग पर्वत हो जिसके समक्ष कोई विघ्न, विघ्न नहीं रहता। वे अचल, अडिग हैं।

उनकी और राजा राममोहन रॉय की वजह से ही सत्येंद्रनाथ का ब्रह्म समाज की तरफ झुकाव हुआ था।

सत्येंद्रनाथ १९०० से १९०१ तक बांगिय साहित्य परिषद के प्रधान रहे।

अंतिम काल 

अपनी नौकरी से सेवानिवृत्त होकर वे कोलकाता वापस आ गए। जब वे पाक स्ट्रीट में रहते थे उनका घर एक तरह से साहित्यिक मजलिस हुआ करता था। शहर के नामी गिरामी लोग वहाँ मिला करते थे और साहित्यिक मंडली जमा करती थीं। ९ जनवरी १९२३ को ८० साल की उम्र में उनका देहावसान हो गया।

सत्येंद्रनाथ ठाकुर : जीवन परिचय 

जन्म 

१ जून,१८४२ कोलकाता 

निधन

९ जनवरी १९२३, कोलकाता 

देश

भारत 

पिता 

श्री देवेंद्रनाथ ठाकुर

माता

श्रीमती शारदा देवी 

पत्नी 

श्रीमती ज्ञानदानंदनी

संतान 

पुत्र - सुरेंद्रनाथ ठाकुर

पुत्री – इंदिरा देवी चौधरानी 

कार्य

भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (ICS) 

संस्थानों से जुड़ाव

  • ब्रह्म समाज

  • बांगिय साहित्य परिषद 

  • हिंदू मेला 

साहित्यिक रचनाएँ

  • सुशीला ओ बीरसिंखा 

  • बॉम्बे चित्रा

  • अमार बाल्यकथा

  • बौद्ध धर्मा

  • भारतबरसो इंग्रेज

  • द ऑटो बायोग्राफी ऑफ महात्मा  ठाकुर 

  • बाल गंगाधर तिलक द्वारा लिखित गीता रहस्य का बांग्ला में अनुवाद

  • संत तुकाराम के अभंग का बांग्ला अनुवाद 


संदर्भ


लेखक परिचय


अचला झा
कोलकाता से, मत्स्य विज्ञान में स्नातकोत्तर हैं। स्वतंत्र लेखन में संलग्न हैं। कविता की पाठशाला, साहित्यकार तिथिवार से पाठक रूप में जुड़ी हैं।

आलेख पढ़ने के लिए चित्र पर क्लिक करें।

कलेंडर जनवरी

Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat
            1वह आदमी उतर गया हृदय में मनुष्य की तरह - विनोद कुमार शुक्ल
2अंतः जगत के शब्द-शिल्पी : जैनेंद्र कुमार 3हिंदी साहित्य के सूर्य - सूरदास 4“कल जिस राह चलेगा जग मैं उसका पहला प्रात हूँ” - गोपालदास नीरज 5काशीनाथ सिंह : काशी का अस्सी या अस्सी का काशी 6पौराणिकता के आधुनिक चितेरे : नरेंद्र कोहली 7समाज की विडंबनाओं का साहित्यकार : उदय प्रकाश 8भारतीय कथा साहित्य का जगमगाता नक्षत्र : आशापूर्णा देवी
9ऐतिहासिक कथाओं के चितेरे लेखक - श्री वृंदावनलाल वर्मा 10आलोचना के लोचन – मधुरेश 11आधुनिक खड़ीबोली के प्रथम कवि और प्रवर्तक : पं० श्रीधर पाठक 12यथार्थवाद के अविस्मरणीय हस्ताक्षर : दूधनाथ सिंह 13बहुत नाम हैं, एक शमशेर भी है 14एक लहर, एक चट्टान, एक आंदोलन : महाश्वेता देवी 15सामाजिक सरोकारों का शायर - कैफ़ी आज़मी
16अभी मृत्यु से दाँव लगाकर समय जीत जाने का क्षण है - अशोक वाजपेयी 17लेखन सम्राट : रांगेय राघव 18हिंदी बालसाहित्य के लोकप्रिय कवि निरंकार देव सेवक 19कोश कला के आचार्य - रामचंद्र वर्मा 20अल्फ़ाज़ के तानों-बानों से ख़्वाब बुनने वाला फ़नकार: जावेद अख़्तर 21हिंदी साहित्य के पितामह - आचार्य शिवपूजन सहाय 22आदि गुरु शंकराचार्य - केरल की कलाड़ी से केदार तक
23हिंदी साहित्य के गौरव स्तंभ : पं० लोचन प्रसाद पांडेय 24हिंदी के देवव्रत - आचार्य चंद्रबलि पांडेय 25काल चिंतन के चिंतक - राजेंद्र अवस्थी 26डाकू से कविवर बनने की अद्भुत गाथा : आदिकवि वाल्मीकि 27कमलेश्वर : हिंदी  साहित्य के दमकते सितारे  28डॉ० विद्यानिवास मिश्र-एक साहित्यिक युग पुरुष 29ममता कालिया : एक साँस में लिखने की आदत!
30साहित्य के अमर दीपस्तंभ : श्री जयशंकर प्रसाद 31ग्रामीण संस्कृति के चितेरे अद्भुत कहानीकार : मिथिलेश्वर          

आचार्य नरेंद्रदेव : भारत में समाजवाद के पितामह

"समाजवाद का सवाल केवल रोटी का सवाल नहीं है। समाजवाद मानव स्वतंत्रता की कुंजी है। समाजवाद ही एक सुखी समाज में संपूर्ण स्वतंत्र मनुष्यत्व...