Saturday, June 4, 2022

कथाकार पद्मश्री मालती जोशी: वाचिक परम्परा की मशाल-वाहक



कोमल हृदय, मृदुभाषी, भारतीयता से सराबोर, बेहद सहज–सरल ‘पद्मश्री’ मालती जोशी करोड़ों घरेलू महिलाओं के लिए एक मिसाल हैं। एक बेटी, बहू, पत्नी, माँ, सास और दादी के रूप में अपने कर्तव्यपालन करते हुए हिन्दी साहित्य जगत् में उन्होंने जो मुकाम हासिल किया वह निःसंदेह प्रशंसनीय भी है और अनुकरणीय भी। आज के दौर में जहाँ घर-बाहर की दोहरी ज़िम्मेदारियों में पिसती महिलाएँ अक्सर अपने अस्तित्व पर सवाल उठाती हैं, वहीं फ़ेमिनिज़्म और नारीवाद का झंडा ऊँचा किये बग़ैर यथार्थ का दामन थामे अपने पाठकों के दिलों में उतरने वाली मालती जोशी की जितनी भी सराहना की जाए, कम है। वे एक ऐसी प्रबुद्ध घरेलु महिला हैं जिनके सान्निध्य में चार पल गुज़ारने से ही वर्षों के अनुभवों और तजुर्बों का ख़ज़ाना हाथ लग जाता है। न न! वे प्रवचन और नसीहतें नहीं देतीं, बल्कि किस्सों का ऐसा संसार दिखा देती हैं कि बात दिल की गहराइयों तक उतर जाए और इंसान स्वयं जागृत हो उठे। तो क्यों न अपने व्यस्त जीवन के कुछ पल उनके सृजन संसार की सैर में बिताएँ और किस्सागोई का आनन्द लें!

जीवन कथा:

मालती जोशी का जन्म तत्कालीन हैदराबाद रियासत के औरंगाबाद शहर (जो आजकल महाराष्ट्र के अंतर्गत एक ज़िला है) में ४ जून १९३४ को हुआ। उनके पिता श्री कृष्णराव दिघे पुरानी ग्वालियर रियासत में जज थे। स्थानांतरणों के कारण छोटे-छोटे कस्बों में बचपन बीता। एक जगह टिक कर नहीं रह पाने का खामियाज़ा यह रहा कि विधिवत् किसी एक विद्यालय में पढ़ना न हो सका – कभी स्कूल, कभी प्राइवेट करते हुए दसवीं ऐसे ही निकल गई। किन्तु इन तबादलों से बच्चों (चार बहनें और तीन भाई) की पढ़ाई बाधित न हो, इस बात का ख़ास ख़याल रखा गया। एक महाराष्ट्रियन ब्राह्मण परिवार, उसपर पिता संस्कृत, अंग्रेज़ी और मराठी के विद्वान् – शिक्षा और संस्कार तो स्वाभाविक रूप से जीवन में शामिल था। सुदूर देहातों में रहने के बावजूद घर पर पत्र-पत्रिकाओं का आगमन सुनिश्चित था। उस ज़माने में भी माँ सरला देवी के लिए मराठी की पत्रिकाएँ नियमित रूप से आती थीं। माता-पिता का पुस्तक प्रेम बच्चों में आना स्वाभाविक था, सो बड़ी छोटी उम्र से मालती को पुस्तकों से प्रेम हो गया। हिन्दी प्रान्त में रहते हुए वे स्वतः ही हिन्दी में सहज होती गयीं और अपने मन के भाव कविताओं और गीतों के रूप में काग़ज़ों पर सजाने लगीं। उनकी लेखनी में कुछ ख़ास बात है, इस बात का एहसास उन्हें स्कूल के ज़माने से ही था जब उनके लिखे निबन्धों को मानक बताकर शिक्षक स्वयं पूरी कक्षा के सामने उनका पाठ करते थे। १९४८ में गाँधी की हत्या से आहत मालती ने कई कविताएँ लिखीं जिन्हें उनकी छोटी उम्र को देखते हुए काफ़ी सराहना मिली। स्कूल में मिला यह प्रोत्साहन कॉलेज में पल्लवित हुआ और वे कवि-सम्मेलनों में अपनी कविताओं और गीतों का पाठ करने लगीं। अबतक यह परिवार इंदौर में स्थायी रूप से बस चुका था। इंदौर के गवर्नमेंट होल्कर कॉलेज से हिन्दी, अंग्रेज़ी और इतिहास से बीए करने के बाद वे अंग्रेज़ी से एम.ए. के लिए इच्छुक थीं जब ‘शिवमंगल सिंह सुमन’ उनके कॉलेज में हिन्दी पढ़ाने आए और उनसे पढ़ने की लालसा में मालती ने अंग्रेज़ी का मोह त्याग हिन्दी साहित्य ले लिया। यह उनके जीवन का एक निर्णायक मोड़ था। यह वो दौर था जब उनके मन के भाव गीत बनकर होठों पर आ जाते थे। एक कवि-सम्मेलन में उनका गीत “मैं मीरा मतवाली सी हूँ, तुम मेरे मनमोहन प्रियतम” सुनकर शिवमंगल सिंह सुमन ने उन्हें ‘मालवा की मीरा’ से संबोधित किया और तब से यह उनकी पहचान का हिस्सा बन गया। यह उनके कवि-रूप को मिला पहला पुरस्कार था। ‘मालवा की मीरा’ इंदौर के कवि-सम्मेलनों की जान बन गयीं थीं। मधुर आवाज़ से कोमल मन के उद्गार सभी को मोहित कर देते थे। किन्तु, मालती की यात्रा तो अभी आरम्भ भी नहीं हुई थी... यह तो ट्रेलर मात्र था, जिसने साहित्यिक खेमे में उनकी उपस्थिति दर्ज करा दी थी। जीवन उन्हें विवाह और घर-परिवार के बन्धनों में बाँध रहा था और नियति उनके लिए अलग योजनाएँ तय कर रही थी। पारिवारिक परिवेश उनके जीवन में अनेक परिवर्तन लेकर आया था। कविता छूट चुकी थी और गद्य आज़माया नहीं था। 

कविता से कहानियों तक पहुँचते-पहुँचते उन्होंने अनेक विधाओं के स्वाद चखे – व्यंग्य-वार्ताएँ, बाल-कथाएँ, रेडियो के लिए झलकियाँ। उनकी कलम की साधना कुछ ऐसी कि हर विधा में अपनी छाप छोड़ती गयीं। कविता को पूर्ण विराम देकर गद्य की ओर रुख़ करने की घटना को मालती जी कुछ इस तरह बयाँ करती हैं – “जीवन के बसन्त में कल्पनाओं का पौध आया हुआ था, वो कब झड़ गया पता ही नहीं चला।” उनके लिए कविता कल्पना की उड़ान थी और कहानियाँ यथार्थ का धरातल – और उन्होंने इसी धरातल पर पैर जमाकर उपलब्धियों की उड़ान भरी और घर-परिवार की ज़िम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपना आकाश तराशा। 

उनकी कलम प्रकाशन का स्वाद चख चुकी थी और पारिवारिक ज़िम्मेदारियों के बीच भी छूट-पुट लेखन हमेशा चलता रहा। उनकी बाल-कथाएँ एवं लघु-कथाएँ क्रमशः पराग, कादम्बिनी, निहारिका, मुक्ता, लहर आदि पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहतीं। मध्य प्रदेश के दैनिक समाचारों के रविवारीय परिशिष्ठ में भी उनकी कहानियाँ लोकप्रिय हो रही थीं। हालाँकि एक साक्षात्कार में अपने संघर्ष की बात बताते हुए मालती जी कहती हैं कि शुरू-शुरू में पाँच कहानियाँ भेजती तो एक छपती थी और चार लौट आती थी, किन्तु न इन्होंने कहानियाँ भेजना रोका, और न प्रकाशकों ने छापना। लोकप्रियता बढ़ी तो नवम्बर १९७१ में धर्मयुग में स्थान मिला और उन्हें एक कथाकार के रूप में अखिल भारतीय पहचान मिली। धर्मयुग में छपी कहानी ‘टूटने से जुड़ने तक’ ने उन्हें सम्पूर्ण देश से जोड़ दिया। फिर साप्ताहिक हिन्दुस्तान और धर्मयुग ने नियमित रूप से उनकी कहानियाँ प्रकाशित करना शुरू कर दिया और देखते-ही-देखते मालती जोशी एक कहानीकार के रूप में प्रतिष्ठित हो गयीं। मनोरमा, सरिता, कादम्बिनी आदि में अब नियमित रूप से उनकी कहानियाँ छपने लगी थीं। कहानियाँ अब उनके जीवन का अटूट हिस्सा हो चुकी थीं और उनका जीवन इन्हीं के सृजन-संकलन में बीतने लगा। लेखन की आभा कब वाणी बनकर किस्सागोई की शक्ल लेने लगा, इसका अंदाज़ा स्वयं मालती जी को भी नहीं है। शायद बच्चों को कहानी सुनाने के क्रम में कहानियाँ उनकी ज़ुबान से निकलने लगी होंगी और मुँह-ज़बानी कहानियाँ सुनाने का सिलसिला शुरू हुआ होगा। उनकी कहानियों की विशेषताओं पर आने से पहले एक बेहद दिलचस्प और हैरतअंगेज़ करने वाली बात यह है कि अब तक हजारों कहानियाँ लिख चुकीं मालती जोशी को अपनी अधिकतर कहानियाँ मुँह-ज़बानी याद हैं और वे बिना रुके, बिना थमे बड़ी सहजता के साथ अपनी कहानियाँ ऐसे सुनती हैं मानो वो उनकी ही आपबीती हों। ऐसी विलक्षण विदुषी के सामने सर स्वयं ही श्रद्धा से नतमस्तक हो जाता है। पिछले पाँच दशकों से मालती जोशी लगातार लेखन कर रही हैं और आज, उम्र के ८६वें पड़ाव पर, भी कलम थामे नए सृजन में डूबी रहती हैं।

अवचेतन मन की चैतन्य प्रस्तुति:

मालती जोशी की कहानियाँ घर-घर की कहानियाँ हैं – कहानियाँ जो यथार्थ के अनुभवों को कल्पना के ज़मीन पर कुछ इस कदर सजाती हैं कि आमजन उसे अपने ही घर की बात समझ बैठता है। मध्यम-वर्गीय या निम्न-मध्यम-वर्गीय परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती उनकी कहानियाँ पाठकों को कभी अपनी कहानी लगती है तो कभी अपने पड़ोसी की, कभी अपने मन की बात लगती है तो कभी अपनों के मन की बात – दरअसल परिवार, समाज और स्त्री-मन की भावनाओं का जीवंत चित्रण मिलता है इन कहानियों में। मालती जोशी की कहानियों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे मन पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ती हैं। विभिन्न पारिवारिक समस्याओं, मन के द्वंदों और जीवन की जटिलताओं के बीच ये कहानियाँ उन्हें समझने की चेतना और उनका सामना करने की सीख ऐसे सहज अंदाज़ में दे जाती है कि पाठक उनसे उबरने के उपाय स्वयं तलाश सकता है। विवाह सम्बन्ध और उससे जुड़ी बातें मालती जोशी की कहानियों के मुख्य आधार रहे हैं। अपनी कहानियों के विषय में वे बताती हैं, “मेरी कहानियाँ घर की चारदीवारों तक ही सीमित रहीं, जिसका मुझपर आरोप भी लगता रहा। किन्तु मेरे अनुभवों का संसार यहीं तक था। उधार के अनुभवों को आधार बनाकर लिखती भी तो न्याय नहीं कर पाती। कभी कोई चेहरा मन को बाँध लेता है, कोई घटना चेतना पर छा जाती है, फिर सब मन में गड्ड–मड्ड होते रहते हैं, कुछ समय बाद कहानी बनकर काग़ज़ पर उतर जाते हैं, मैं उन्हें एक सूत्र में पिरो देती हूँ - मेरा श्रेय सिर्फ इतना ही है।”

नारी-प्रधान इन कहानियों में स्त्रियाँ न तो दबी-कुचली अबला चित्रित हुई हैं, न आधुनिकता की चकाचौंध में अंधी पॉवर वीमेन – वो आपके और हमारे बीच की एक सामान्य सी महिला है जो अपने मन के विविध भावों को कभी समग्र वाणी नहीं दे पाती। मालती जोशी उन्हें यही वाणी अपनी कहानियों के ज़रिए सुस्पष्ट शब्दों में बड़ी खूबसूरती से देती हैं। मालती जी की कहानियों के पुरुषों  में भी हमें अपने पिता, भाई, पति या बेटे की छवि दिखाई पड़ सकती है – क्योंकि वे हमारे जैसे घरों के ही पुरुष हैं जो निरंकुश या विराट न होकर एक साधारण-सामान्य मनुष्य हैं जिनकी साधारण-सामान्य समस्याएँ हैं और दैनिक जद्दोजहद हैं। ‘खूबसूरत झूठ’, ‘नो सिम्पैथी प्लीज़’, ‘सज़ा’, ‘महकते रिश्ते’ जैसी कहानियाँ इसका प्रमाण हैं। दहेज़ प्रथा के दुष्परिणाम, प्रेम-विवाह की जटिलताएँ, बेमेल विवाहों के असर, जवान होती बेटी के मन में बूढ़े पिता की चिंता, सास-बहू के सम्बन्ध, एकल व संयुक्त परिवारों के सम्बन्ध आदि ऐसे कई विषय हैं जिनपर मालती जोशी ने अपने अनुभवों और अवचेतन मन के संचित दृष्टान्तों को बड़े संवेदनशील ढंग से कहानियों में उतारा है। इन कहानियों के सभी पात्र हमारे आस-पास के पात्र हैं जिन्हें हम प्रतिदिन किसी-न-किसी रूप में महसूस करते हैं। विचारों का स्पष्ट चित्रण और पात्रों का जीवंत संवाद उनकी कहानियों को हमारे और भी करीब ले आते हैं। 

उपलब्धियाँ एवं पुरस्कार कलम की सच्ची साधक मालती जोशी की सबसे बड़ी उपलब्धि उनका भरा-पूरा परिवार और उनके पाठकों का उनके प्रति सम्मान और स्नेह है। यों तो उन्हें समर्पित पुरस्कारों की एक लम्बी फ़ेहरिस्त है, और समय-समय पर उनके कार्यों की भरपूर सराहना होती रही है; किन्तु वे स्वयं कहती हैं कि उनके पाठकों का प्रेम ही उनका सबसे बड़ा पुरस्कार है। आज उनकी ५० से अधिक पुस्तकें हिन्दी में, १२ पुस्तकें मराठी में तथा कई पुस्तकें अनेकों भारतीय भाषाओं में अनूदित हो प्रकाशित हो चुकी हैं। सामान्यतः लम्बी कहानियाँ और लघु कथाएँ लिखने वाली मालती जोशी ने कुछ उपन्यास भी लिखे हैं। उनकी कुछ पुस्तकों को प्रकाशक उपन्यासिका कहते हैं। उनकी कुछ कहानियाँ दूरदर्शन पर भी प्रसारित की गई, जिनमें जया बच्चन द्वारा बनाए धारावाहिक ‘सात फेरे’ में सात कहानियाँ, गुलज़ार निर्देशित धारावाहिक ‘क़िरदार’ में दो कहानियाँ तथा मंजू सिंह निर्देशित धारावाहिक ‘भावना’ शामिल हैं। वे कहती हैं, “मैंने कभी अपने लेखक होने की सज़ा अपने परिवार को नहीं दी। परिवार की ज़िम्मेदारियों के साथ-साथ लेखन-धर्म निभाया – ना रात को जागकर लिखा, न सुबह-सुबह कलम चलाई। जो लिखा – दिन के उजाले में दोपहर के वक्त लिखा - जब घर के काम-काज से फ़ारिग हो पति-बच्चों को दफ़्तर-स्कूल भेज देती थी। उपन्यास न लिखने का कारण भी यही रहा। पारिवारिक ज़िम्मेदारियाँ मेरी प्राथमिकता रही, आज भी है।” बहुत कुछ पाने की महत्वाकांक्षा मालती जोशी पर कभी हावी नहीं हुई। शायद यही वजह है कि माँ सरस्वती का वरद हस्त उन्हें लिखने की प्रेरणा देता रहा और पति-बच्चों ने सदैव उन्हें प्रोत्साहित किया। पति बहुत सामाजिक प्राणी थे जिस कारण घर पर सदैव लोगों का आना-जाना लगा रहता था। अतिथियों की आवभगत में कभी कोई कमी नहीं होती थी इसीलिए पति के दोस्त उन्हें ‘अन्नपूर्णा’ बुलाते थे। उनके नजदीकी लोगों को हमेशा इस बात से आश्चर्य होता रहा कि घरेलू  काम-काज में व्यस्त रहते हुए वे लिखने का समय कैसे निकालती होंगी। वर्ष २०१८ में राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान पाना इसका जीता-जागता प्रमाण है कि सच्ची लगन और ईमानदारी से किया कर्म कभी व्यर्थ नहीं जाता। अपने दो पुत्रों और उनके बच्चों के भरे-पूरे परिवार के साथ मालती जोशी आज भी लेखन में सक्रिय हैं। उनकी कहानियाँ आज भी नवनीत, कथाबिम्ब, मधुरिमा, और समावर्तन में प्रकाशित हो रही हैं। ईश्वर उन्हें दीर्घायु करें और स्वस्थ रखें। माँ सरस्वती की कृपा उनपर सदैव बनी रहे!

पद्मश्री मालती जोशी: एक संक्षिप्त परिचय

पूरा नाम

सुश्री मालती कृष्णराव दिघे/ श्रीमती मालती जोशी (विवाहोपरांत)

जन्म

४ जून, १९३४ औरंगाबाद (महाराष्ट्र)

पिता

श्री कृष्णराव दिघे

माता

श्रीमती सरला देवी

पति

सोमनाथ जोशी, (अधीक्षण यंत्री, सिंचाई विभाग, भोपाल, मध्य प्रदेश)

(विवाह: १९५९; मृत्यु: २००१)

संतान

पुत्र १: ऋषिकेश जोशी (मुम्बई)

पुत्र २: सच्चिदानन्द जोशी (दिल्ली)


शिक्षा

दसवीं – मालव कन्या विद्यालय, इंदौर

इन्टर – प्राइवेट

बीए – होल्कर कॉलेज, इंदौर (हिन्दी, अंग्रेज़ी, इतिहास)

एम. ए. – होल्कर कॉलेज, इंदौर (हिन्दी)

साहित्यिक योगदान

कहानी संग्रह

पाषाण युग, एक घर सपनों का, दर्द का रिश्ता, बाबुल का घर, महकते रिश्ते, पूजा के फूल, एक और देवदास, विश्वास गाथा, मन न भये दस बीस, आनंदी, न ज़मीं अपनी - न फलक अपना, मालती जोशी की सर्वश्रेष्ठ कहानियाँ, एक सार्थक दिन, विरासत, जीने की राह, अंतिम संक्षेप, शापित शैशव, मोरी रंग दी चुनरिया, हादसे और हौसले, औरत एक रात है, परख, मेरे साक्षात्कार, ऑनर किलिंग तथा अन्य कहानियाँ, 10 प्रतिनिधि कहानियाँ, वो तेरा घर ये मेरा घर, पिया पीर न जानी, रहिमन धागा प्रेम का, स्नेहबंध तथा अन्य कहानियाँ, मिलियन डॉलर नोट तथा अन्य कहानियाँ, बोल री कठपुतली, छोटा सा मन बड़ा सा दुःख, मालती जोशी की लोकप्रिय कहानियाँ, कौन ठगवा नगरिया लूटल हो, ये तो होना ही था, मालती जोशी(संचयिका), व्यंग्य– हार्ले स्ट्रीट, गीत संग्रह- मेरा छोटा सा अपनापन।

उपन्यास

पटाक्षेप, सहचारिणी, शोभा यात्रा, राग विराग, ज्वालामुखी के गर्भ में, समर्पण का सुख, चाँद अमावस का, गोपनीय

बाल कथाएँ

दादी की घड़ी, रिश्वत एक प्यारी सी, सच्चा सिंगार(कथा-संग्रह), रंग बदलते खरबूजे, स्नेह के स्वर(कथा-संग्रह) परीक्षा और पुरस्कार, बेचैन, सफ़ेद जहर, सी.आई.डी., और वह ख़ुश था

मराठी साहित्य

पाषाण, परत फ़ेड, ऋणानुबंध, हद्द पार, कथा मालती, कन्यादान, शुभमंगल, शोभायात्रा, कळत नकळत, पारख, रानात हरवला सूर, आपुले मरण पाहिले म्यां डोळा 

पुरस्कार एवं उपलब्धियाँ

१९८३

रचना संस्था ने पाँच हज़ार रूपये का पुरस्कार देकर यथोचित सम्मान दिया। उस समय उक्त संस्था द्वारा पुरस्कृत होने वाली वह पहली महिला साहित्यकार थीं।

१९८४

मराठी कहानी संग्रह ‘पाषाण’ को महाराष्ट्र सरकार द्वारा पुरस्कृत किया गया जो उनके द्वारा रचित  हिन्दी लघु उपन्यास ‘पाषाणयुग’ का अनुवाद है।

१९९९

मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन द्वारा भवभूति अलंकरण सम्मान

२००६

साहित्य शिखर सम्मान, मध्य प्रदेश सरकार

२००९

प्रभाकर माचवे सम्मान

२०११

दुष्यंत कुमार साहित्य साधना सम्मान, ओजस्विनी सम्मान

२०१३

मप्र राजभाषा प्रचार समिति द्वारा सम्मान

२०१३-१४

राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, राजस्थान सरकार

२०१६

कमलेश्वर स्मृति कथा पुरस्कार

२०१७

वनमाली कथा सम्मान

२०१८

साहित्य में योगदान हेतु भारत के राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री से सम्मानित

हिन्दी सेवी सम्मान, महात्मा गाँधी अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय

सन्दर्भ:

लेखक परिचय :

मास्टर ऑफ़ जर्नलिज़्म में स्वर्ण पदक प्राप्त दीपा लाभ विभिन्न मीडिया संस्थानों के अनुभवों के साथ पिछले १२ वर्षों से अध्यापन कार्य से जुड़ी हैं। आप हिंदी व अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में समान रूप से सहज हैं तथा दोनों भाषाओं में लेख व संवाद प्रकाशित करती रहती हैं। हिंदी व अंग्रेज़ी भाषा में क्रियात्मकता से जुड़े कुछ लोकप्रिय पाठ्यक्रम चला रही हैं। इन दिनों ‘हिंदी से प्यार है’ की सक्रिय सदस्या हैं और ‘साहित्यकार तिथिवार’ का परिचालन कर रही हैं।
 
ईमेल - journalistdeepa@gmail.com
व्हाट्सएप - +91 8095809095

 

 

 


Friday, June 3, 2022

संतचरित्रकार संतकवि महिपति


महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले का ताहराबाद गाँव १७वीं शताब्दी में ताहिर खान नाम के एक मुगल सरदार का क्षेत्र था। इस गाँव में सन १६३७ में ऋग्वेदी वशिष्ठ गोत्री ब्राह्मण गाँव के कुलकर्णी और ग्रामजोशी श्री दादोपंत कांबले के परिवार में संत महिपति का जन्म हुआ था। 


संत महिपति की शिक्षा-दीक्षा ताहराबाद के समीप तांभेरे गांव के श्री मोरोबा तांभेरकर के घर पर हुई थी। संस्कृत भाषा का ज्ञान अच्छा था, लेकिन मराठी भाषा के प्रति विशेष लगाव था। उनकी पत्नी का नाम सरस्वतीबाई था। उसने दो पुत्रों को जन्म दिया, विठ्ठल और नारायण। विठ्ठल बुवा पेशवा दरबारी गायक थे और नारायण कवि मोरोपंत के मित्र थे।


विठ्ठल भक्त महिपति सोलह वर्ष की आयु से ताहराबाद के कुलकर्णी और जोशी के पद का कार्यभार संभालने लगे। लेकिन उनका विशेष ध्यान आध्यात्मिक साहित्य साधनों पर केंद्रित रहा। एक बार जब उनके द्वार पर मुस्लिम सरदार आए तो वे महाराज भगवान विठ्ठल की पूजा में लीन थे। उन्हें आदेश दिया गया कि वे गाँव की चावड़ी कार्यालय में अपना हिसाब-किताब लेकर तुरंत आएँ। इस आदेश से उन्हें लगा कि ऐसी सरकारी सेवा किस काम की, जो मुझे विठ्ठल भक्ति से वंचित रखें। आत्मग्लानि से उसी समय उन्होंने अपनी कलम और चोपड़ी मुस्लिम सरदार के चरणों में रख कर मुगल शाही की सेवा से त्यागपत्र दे दिया और यह घोषणा कर दी कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य विदेशी सत्ता का दास नहीं बनेगा।


नाभादास कृत भक्तमल से प्रेरणा


नाभादास का प्रसिद्ध हिंदी ग्रंथ 'भक्तमाल' संवत १६४२ के बाद बना और संवत १७६९ में 'प्रियादास' जी ने उसकी टीका लिखी। इस ग्रंथ में २०० भक्तों के चमत्कारपूर्ण चरित्र ३१६ छप्पयों में लिखे गए हैं। इन चरित्रों में संतों का पूर्ण जीवनवृत्त नहीं है, केवल भक्ति की महिमासूचक बातें दी गई हैं। इनका मुख्य उद्देश्य भक्तों के प्रति जनता में पूज्यबुद्धि का प्रचार जान पड़ता है। संत महिपति बुवा ताहराबादकर ने नाभादास जी की रचनाओं को पढ़कर उनसे प्रेरित होकर मराठी ग्रंथ 'भक्तविजय' की रचना की।

ग्वालियर में महिपतिनाथ ढोली बुवा मठ है। १७वीं शताब्दी में संत महिपति ने ग्वालियर की यात्रा की थी। ग्वालियर के मराठा राजा सिंधिया के ऐतिहासिक कागजातों में संत महिपति का उल्लेख मिल सकता है। इंदौर के होलकर शाही दरबार में संत महिपति परिवार के सदस्य सरदार पळशीकर मंत्री थे।


संत महिपति ने उत्तर भारत के कई स्थानों में तीर्थयात्रा की थी। जब वे ग्वालियर गए तब उन्होंने भक्तमाल पाठ सुना। भक्तमाल में उत्तर भारत के कई संतों का परिचय दिया गया है। ‘भक्त विजय’ ग्रंथ की लोकप्रियता के कारण महाराष्ट्र के सभी मंदिरों में भक्त विजय का पाठ होने लगा।


विश्व भक्ति साहित्य में ‘भक्त विजय’

मराठी संत कवि व संत चरित्रकार महिपति ने उत्तर भारत और महाराष्ट्र के अनेक संतों का परिचय 'भक्तविजय' मराठी ग्रंथ द्वारा प्रदान किया है। सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं में 'श्री महाभक्त विजयम' द्वारा उसका अनुवाद प्रसारित हुआ है। उत्तर भारतीय भक्ति परंपरा को दक्षिण भारत से जोड़ने का महान कार्य संत महिपति ने किया है। इसी भक्तविजय ग्रंथ का परिचय अंग्रेजी भाषा में अनुवाद द्वारा विश्व में प्रसारित हुआ।

वैष्णव भागवत धर्म प्रचारक और पंढरपुर के भगवान विठ्ठल के परम भक्त संत महिपति ने भारत के अनेक तीर्थ स्थलों की यात्रा कर श्रमपूर्वक अनेक संतों का चरित्र संकलित करके आसान मराठी भाषा में प्रस्तुत करके संतों के महत्व को प्रतिष्ठित किया। अमेरिकन ईसाई धर्म प्रचारक जस्टिन एबॉट ने उनके भक्तविजय ग्रंथ का अंग्रेजी में अनुवाद किया जो विश्व प्रसिद्ध पुस्तक 'स्टोरीज़ ऑफ इंडियन सेंट्स' नाम से प्रसिद्ध है। ऑक्सफोर्ड प्रेस ने १९१९ को सी०ए०किनकैड की  "Tales of the Saints of Pandharpur" में संत महिपति की रचनाओं पर विस्तृत वर्णन प्रस्तुत किया है। विश्व प्रसिद्ध वर्ड कैट आइडेंटिटीज (Word Cat Identities) OCLC में संत महिपति पर लिखित पुस्तकों की गणना और कैटलॉग रखा गया है। जिसके अनुसार १९६ प्रकाशकों ने विभिन्न भाषाओं में ६९ टाइटल प्रकाशित किए है जो विश्व के ९०६ पुस्तकालयों में उपलब्ध है।


जनसाधारण की आम भाषा

उनकी रचना में भक्ति, प्रेम, ज्ञान, सद्भावना और अहिंसा का अद्भुत संगम था। आसान मराठी भाषा में संतों का चरित्र प्रस्तुत करने की शैली से कई विदेशी लेखकों के लिए भक्तविजय ग्रंथ का अनुवाद करना आसान हो गया। महिपति द्वारा मराठी भाषा में किया गया भक्ति साहित्य बहुत ही उत्कृष्ट है। संत कवि महिपति ने भारत के प्रमुख संतों का चरित्र एकत्रित करके मराठी में 'भक्तिविजय' तथा 'संतलिलामृत' ग्रंथों में संकलित किया है। उनकी रचनाओं के अभंग वे एकतारी लेकर पैरों में घुंघरू बांधकर सुस्वर स्वयं गाते थे। जन कीर्तन में उनकी शैली आम भक्तों में अत्यंत लोकप्रिय हुई थी। भाषा, साहित्य, आध्यात्म के साथ स्वर संगीत का मिलाप अद्भुत था। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के राहूरी तहसिल स्थित ताहराबाद उनकी कर्मभूमि है। ताहराबाद में उन्होंने विठ्ठल भगवान का मंदिर स्थापित किया और ताहराबाद से पंढरपुर तक पैदल तीर्थ यात्रा करने लगे, जिसे महाराष्ट्र में वारी और पैदल पंढरपुर तीर्थ यात्रा करने वाले को वारकरी कहा जाता है।


ग्रंथ संपदा


संत महिपति ने के ग्रंथों में मराठी पद्य रचनाओं की संख्या चालीस हजार के करीब है। 'महाराष्ट्र कवि चरित्रकार' ग्रंथ के लेखक श्री० आजगावकर ने संत महिपति द्वारा रचित सुप्रसिद्ध संतों का चरित्र का वर्णन इस प्रकार है- श्री नामदेव चरित्र अभंग ६२, श्री हरिपाळ चरित्र अभंग ५८, श्री कमाल चरित्र अभंग ६७, श्री नरसी मेहता चरित्र अभंग ५२, श्री राका कुंभार चरित्र अभंग ४७, श्री जगमित्र नागा चरित्र अभंग ६३, श्री माणकोजे बोधले चरित्र अभंग ६७, श्री संतोबा पवार चरित्र अभंग १०२, श्री चोखामेळा चरित्र अभंग ४७, 'श्री भक्तलीलामृत' इस ग्रंथ में पदों की संख्या १०७९४ है।


बहुभाषिक संत महिपति


संतों की संगति, तुकाराम के आशीर्वाद और प्राकृत मराठी भाषा प्रेम के कारण महाराज ने महाराष्ट्र के बाहर के ११६ और महाराष्ट्र के १६८ संतों की जीवनी लिखकर प्राचीन मराठी भक्ति साहित्य को समृद्ध किया है। उनके भक्त विजय ग्रंथ का अनुवाद अनेक भाषाओं में उपलब्ध है। संत चरित्र लिखने की भूमिका स्पष्ट करते हुए संत महिपति ने लिखा है -

‘संतांची चरित्रे संपूर्ण! एकदाची ना कळती जाण!! 

तेव्हा जी झाली आठवण! ती चरित्रे लिहून ठेविली!!’


अर्थात् संतों का संपूर्ण चरित्र एक बार समझना आसान नहीं है। इसलिए जब भी मुझे संतों की याद आई, तभी उनका चरित्र लिखा है।


महाराज बहुभाषी थे, वे मराठी संस्कृत, हिंदी, कन्नड़ और अन्य भारतीय भाषाओं से परिचित थे। उन्होंने संत का चरित्र लिखने से पहले भारत में कई तीर्थ स्थलों का भ्रमण किया था। फलस्वरूप उनकी रचनाओं का अनुवाद भारत के अनेक भाषाओं में तथा अन्तर्राष्ट्रीय भाषाओं में हुआ है। संत महिपति ने संत के चरित्र का वर्णन करते हुए संत कबीर की रचनाओं का अध्ययन किया था। संत कबीर की रचनाओं का परिचय देते समय उन्होंने हिंदी को 'हिंदुस्तानी' और 'देशभाषा' के नाम से संबोधित किया है। 


‘कबीर बोलिले हिंदुस्थानी॥

देशभाषा आपुली ॥२३॥

ऐसे संत प्रेमळ जनीं॥

ज्यांचे ग्रंथ ऐकतां श्रवणीं॥

अज्ञानी होती अति ज्ञानी॥

नवल करणी अद्भुत’॥२४॥

(संत महिपति कृत श्री भक्तिविजय ग्रंथ) 


मराठी कवि मोरोपंत ने संत महिपति के कार्य पर कविता लिखी है। ऐसी मान्यता है कि संत महिपति को स्वप्न में संत तुकाराम ने दीक्षा देकर कहा था- "मैंने अपने जीवनकाल में नामदेव के अभंगों की रचना का शेष कार्य पूरा किया, आप संतों और भक्तों के चरित्र का वर्णन कीजिए।" संत तुकाराम के आशीर्वाद से महिपति में काव्य-चेतना जागृत हुई। उन्होंने गुरु संत तुकाराम की वंदना में कहा-


"जो भक्तिनाथ बैराग्यपुतळा।

ज्याचे अंगी अनंत कळा।।

तो सदगुरु तुकाराम आम्हांसी जोडला।

स्वप्नी दिधला उपदेश।।"

(भक्तिलीलामृत अध्याय १-२०)



आचार्य विनय मोहन शर्मा जी ने अपनी पुस्तक ‘हिंदी को मराठी संतों की देन के लेखक' (प्रकाशन वर्ष १९५७) में संत महिपति के बारे में लिखा है –‘मराठी संतों की हिंदी के प्रति सहज ममता रही है। मध्ययुग से लेकर आजतक लगातार मराठी संत कीर्तन-भजन के अवसर पर मराठी अभंगों और पदों के साथ एक-दो हिंदी-पद गाते आ रहे हैं। जो मराठी संत कवि-प्रतिभा संपन्न रहे हैं, उन्होंने मराठी के साथ हिंदी पदों की स्वयं रचना की है और जो केवल कीर्तनकार रहे हैं, उनकी मराठी अभंगों आदि के साथ किसी प्रसिद्ध हिंदी संत के पद गाने की परिपाटी रही है। संतों ने प्रांत या भाषा-भेद को कभी स्वीकार नहीं किया। महाराष्ट्र के संत महिपति ने ईसा की १८ वीं शताब्दी में 'भक्त विजय' नामक संत चरित्र ग्रंथ लिखा है जिसमें मराठी के ही नहीं, हिंदी के संतों का भी उल्लासपूर्ण पूर्ण गुणगान है।


Swami Dayananda Saraswati's on Sant Mahipati

‘Stories from Mahapati’s Sri Bhaktavijayam are that of men and women who transformed themselves through living a prayerful life and by doing what was called for in situations they faced. The lives of the bhaktas are informed by the Vedic vision that the world we confront is a manifestation of Ishvara and this includes our body-mind-sense complex. The world around us, our abilities, our resources are all given. The more awareness one has of Ishvara as the giver and the given, the more prayerful one is’


संतों का कार्य निश्चित रूप से समाज में बहुत महत्वपूर्ण है। समय-समय पर उन्होंने ईश्वर के प्रति अपनी भक्ति और दिव्य जीवन के दर्शन को उपदेश, ओवी, अभंग के माध्यम से व्यक्त किया है। महाराज हर साल पंढरपुर यात्रा को पैदल चलने से नहीं चूकते थे। प्राचीन मराठी साहित्य में संतों की परंपरा का अध्ययन करते समय संत महिपति महाराज द्वारा लिखित 'भक्ति विजय' और 'संतालीलामृत' ग्रंथों पर निर्भर रहना पड़ता है। 


संत तुकाराम का आशीर्वाद


तुकाराम महाराज के समकालीन संत महिपति बुवा संत तुकाराम को अपना गुरु मानते थे। संत ज्ञानेश्वर ने आम लोगों की बोली भाषा में गीता का ज्ञान ज्ञानेश्वरी अर्थात सटीक भावार्थ दीपिका ग्रंथ के माध्यम से भक्ति गंगा प्रवाहित करने का महान कार्य किया था। महिपति बुवा ने ज्ञानेश्वर, तुकाराम, नामदेव और एकनाथ के पदचिन्हों पर चलते हुए भक्तिमार्ग को प्रशस्त किया।अठारहवीं शताब्दी में ग्रामीण जनता में ईश्वर भक्ति जगाने के लिए, संत चरित्र की रचना सरल आसान प्राकृत मराठी भाषा में प्रवचन और संत काव्य के रूप में प्रस्तुत किया।सामाजिक भूमिका का निर्वहन करते हुए संत महिपति ने अपने जीवन काल में उत्पन्न हर सूखे के दौरान अपने घर का धन, धान्य भूखे गरीबों को बाँट दिया था जिसके कारण वे भक्त मंडली और तत्कालीन पेशवा दरबार में लोकप्रिय हुए।  


संत साहित्य के विद्वान स्व रा चिं ढेरे कहते हैं कि, ‘संत महिपति कृत रचनाओं का दूरगामी सर्वत्र प्रभाव कई सौ वर्षों से ग्रामीण महाराष्ट्र के लोगों पर रहा। उनके सात्विक संस्कार संपन्न ग्रंथों की प्रतिष्ठा कल तक सार्वभौमिक थी। महिपति के इस ऋण स्वीकार किया जाना चाहिए।’


महाराज हर साल पंढरपुर, आलंदी यात्रा सहित पूरे भारत की यात्रा करते थे। उत्तर भारत के मीरा, कबीर, सूरदास, नरसी मेहता के साथ-साथ महाराष्ट्र के नामदेव, तुकाराम, रामदास जैसे संतों के चरित्रों को उनके प्राचीन साहित्य का अध्ययन कर बड़ी मेहनत से संकलित कर मराठी में प्रस्तुत करने का महान कार्य किया है।


संत महिपति कृत भक्ति साहित्य का अभ्यास, संशोधन महाराष्ट्र के संत अभ्यासक श्री.वि.वा.राजवाडे, श्री.रा.चि.ढेरे, श्री.भा.ग.सुर्वे, श्री.प्र.रा.भांडारकर, श्री.वि.ल.भावे, सौ.उषाताई देशमुख, श्री.सुरेश जोशी ने किया है। उनकी रचनाओं को महाराष्ट्र के विश्वविद्यालयों में प्राचीन भक्ति साहित्य के नाते पढ़ाया जाता है। उनकी रचनाओं पर पुणे,औरंगाबाद,कोल्हापुर विद्यापीठों में पी एच डी प्रबंध के रूप में प्रस्तुत किया गया है।


उत्तर भारत के संतों के कार्यों को 'श्री महा भक्तविजयम्' के नाम से सभी दक्षिणी भाषाओं में आम लोगों तक पहुँचाया गया है। संत महिपति ने हिंदवी स्वराज्य के लिए युवा शक्ति के निर्माण में बहुत अच्छा काम किया था।


संत जयदेव, तुलसीदास, मत्स्येन्द्रनाथ, गोरखनाथ, ज्ञानेश्वर, एकनाथ, तुकाराम, नामदेव, जनाबाई, गोरा कुंभार, चोखामेला, कबीर, रोहिदास, नरसी मेहता, रामदास, सेना, मीराबाई, भानुदास आदि संतों के जीवन कार्यों का परिचय "भक्त विजय" में दिया गया हैं।


भक्त विजय का लगभग सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में अनुवाद किया गया है। यह एक अमूल्य पुस्तक है जो लाखों भक्तों को प्रेरित करती है। यह अभी भी भारत के कई मंदिरों में हरिकथा के जाप और जप के लिए प्रतिदिन पढ़ी जाती है। महाराष्ट्र के अनेक भक्त और प्रवचनकार,कीर्तनकार संत महिपति के प्रति आदर भाव व्यक्त करने वार्षिक उत्सव आषाढ़ी एकादश के दिन आज भी उनके गांव ताहराबाद स्थित उनके द्वारा स्थापित विठ्ठल मंदिर वाड़ा में एकत्रित होते है। 


संत महिपति बुवा एक संत चरित्र लेखक थे होने के साथ गायक भी थे उन्होंने मधुर संगीत पर संत चरित्र गाया और भक्तों को उपदेश दिया। इस विषय पर एक अंग्रेजी लेख ऑक्सफोर्ड रेफरेंस सर्विस के तहत प्रकाशित हुआ है।

संत महिपति महाराज मानते थे कि ज्ञान प्राप्त करने के लिए, पर्यटन और भारतीय संस्कृति का गहन ज्ञान प्राप्त करना तथा कई भाषा परिवारों के संतों, विद्वानों के संपर्क में रहने की आवश्यकता है। एक सच्चा संत सभी भाषाओं का मित्र होता है। यह निश्चित है कि ज्ञान, भक्ति और सामाजिक विकास तभी होगा जब सभी लोग भाषा भेदभाव और जातिगत भेदभाव को त्याग देंगे। महिपति बुवा का स्वर्गवास श्रावण कृष्ण द्वादशी, १७१२ में ७५ वर्ष की आयु में हो गया। उनका पुश्तैनी घर और विट्ठल का मंदिर ताहराबाद में अभी भी विद्यमान है जिसके पास ही उनकी समाधि का वृंदावन भी है।


संत महिपति : जीवन परिचय

जन्म

१६३७, ताहराबाद गाँव, अहमदनगर, महाराष्ट्र

निधन

१७१२

पिता 

श्री दादोपंत कांबले

पत्नी

सरस्वतीबाई

पुत्र

विठ्ठल और नारायण

रचनाएँ

  • श्रीभक्तविजय (१६८४)

  • श्रीकथासरामृत (१६८७)

  • श्रीसंतलीलामृत (१६८९)

  • श्रीभक्तलीलामृत (१६९६)

  • श्रीसंतविजय (अपूर्ण)

  • श्रीपंढरी महात्म्य

  • श्रीअनंत व्रतकथा

  • श्रीदत्तात्रेय जन्म

  • श्रीतुलसी महात्म्य

  • श्रीगणेशपुराण (अपूर्ण)

  • श्रीपांडुरंग स्तोत्र

  • श्रीमुक्ताभरणव्रत

  • श्रीऋषीपंचमी व्रत

  • अपराध निवेदन स्तोत्र

  • कुछ अभंग और पद रचनाएँ


संदर्भ

  • भक्त विजय, गीताप्रेस, गोरखपूर

  • Stories of Indian Saints: Translation of Mahipati's Marathi Bhaktavijaya by Justin Edwards Abbott, Narhar R. Godbole

  • संत महीपति कृत ग्रंथ 'श्री भक्तविजय'

  •  प्रकाशक

  • सरस्वती ग्रंथ भांडार, पुणे २ 

  • " Tales of the Saints of Pandharpur "

  • लेखक - सी.ए. किनकैड 

  • ऑक्सफोर्ड प्रेस १९१९

  • सचित्र संत महिपति ताहराबादकर 

  • लेखक - विजय नगरकर

  • प्रकाशक - बुक मीडिया, पाँडिचेरी २०२०


लेखक परिचय

विजय प्रभाकर नगरकर

सेवानिवृत्त राजभाषा अधिकारी, बीएसएनएल, अहमदनगर,महाराष्ट्र
पूर्व सदस्य- नराकास,अहमदनगर, राजभाषा विभाग, भारत सरकार (२०००-२०२०)
पूर्व सदस्य- हिंदी अध्यापन मंडल
पुणे विश्वविद्यालय (१९९५ - २००० )
औरंगाबाद मराठवाड़ा विश्वविद्यालय (२०००-२००५)
उत्कृष्ट हिंदी कार्य हेतु राष्ट्रपति जी द्वारा प्रमाणपत्र
अनुवादक, लेखक, ब्लॉगर।

आलेख पढ़ने के लिए चित्र पर क्लिक करें।

कलेंडर जनवरी

Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat
            1वह आदमी उतर गया हृदय में मनुष्य की तरह - विनोद कुमार शुक्ल
2अंतः जगत के शब्द-शिल्पी : जैनेंद्र कुमार 3हिंदी साहित्य के सूर्य - सूरदास 4“कल जिस राह चलेगा जग मैं उसका पहला प्रात हूँ” - गोपालदास नीरज 5काशीनाथ सिंह : काशी का अस्सी या अस्सी का काशी 6पौराणिकता के आधुनिक चितेरे : नरेंद्र कोहली 7समाज की विडंबनाओं का साहित्यकार : उदय प्रकाश 8भारतीय कथा साहित्य का जगमगाता नक्षत्र : आशापूर्णा देवी
9ऐतिहासिक कथाओं के चितेरे लेखक - श्री वृंदावनलाल वर्मा 10आलोचना के लोचन – मधुरेश 11आधुनिक खड़ीबोली के प्रथम कवि और प्रवर्तक : पं० श्रीधर पाठक 12यथार्थवाद के अविस्मरणीय हस्ताक्षर : दूधनाथ सिंह 13बहुत नाम हैं, एक शमशेर भी है 14एक लहर, एक चट्टान, एक आंदोलन : महाश्वेता देवी 15सामाजिक सरोकारों का शायर - कैफ़ी आज़मी
16अभी मृत्यु से दाँव लगाकर समय जीत जाने का क्षण है - अशोक वाजपेयी 17लेखन सम्राट : रांगेय राघव 18हिंदी बालसाहित्य के लोकप्रिय कवि निरंकार देव सेवक 19कोश कला के आचार्य - रामचंद्र वर्मा 20अल्फ़ाज़ के तानों-बानों से ख़्वाब बुनने वाला फ़नकार: जावेद अख़्तर 21हिंदी साहित्य के पितामह - आचार्य शिवपूजन सहाय 22आदि गुरु शंकराचार्य - केरल की कलाड़ी से केदार तक
23हिंदी साहित्य के गौरव स्तंभ : पं० लोचन प्रसाद पांडेय 24हिंदी के देवव्रत - आचार्य चंद्रबलि पांडेय 25काल चिंतन के चिंतक - राजेंद्र अवस्थी 26डाकू से कविवर बनने की अद्भुत गाथा : आदिकवि वाल्मीकि 27कमलेश्वर : हिंदी  साहित्य के दमकते सितारे  28डॉ० विद्यानिवास मिश्र-एक साहित्यिक युग पुरुष 29ममता कालिया : एक साँस में लिखने की आदत!
30साहित्य के अमर दीपस्तंभ : श्री जयशंकर प्रसाद 31ग्रामीण संस्कृति के चितेरे अद्भुत कहानीकार : मिथिलेश्वर          

आचार्य नरेंद्रदेव : भारत में समाजवाद के पितामह

"समाजवाद का सवाल केवल रोटी का सवाल नहीं है। समाजवाद मानव स्वतंत्रता की कुंजी है। समाजवाद ही एक सुखी समाज में संपूर्ण स्वतंत्र मनुष्यत्व...