Saturday, February 12, 2022

जनपदीय भारत का सच्चा चक्रवर्ती : देवेंद्र सत्यार्थी



देवेंद्र सत्यार्थी एक विलक्षण इंसान थे। पूरे हिंद उपमहाद्वीप में उनकी जैसी शख़्सियत शायद ही कोई दूजी हो। उर्दू-हिंदी-पंजाबी ज़बान के वे एक अज़ीम अदीब थे। मगर इन सबसे अव्वल उनकी एक और पहचान थी, लोकगीत संकलनकर्ता की। अविभाजित भारत में उन्होंने पूरे देश में ही नहीं बल्कि भूटान, नेपाल और श्रीलंका तक घूम-घूमकर विभिन्न भाषाओं के तीन लाख से ज्यादा लोकगीत इकट्ठा किये थे। यह एक ऐसा कारनामा है, जो उन्हीं के नाम पर रहेगा। इसे दोहराना किसी के वश की बात नहीं। देवेंद्र सत्यार्थी की एक किताब का नाम है, 'मैं हूँ खानाबदोश'। हक़ीक़त में वे खानाबदोश ही थे, जिन्होंने पूरी ज़िंदगी खानाबदोशी में ही गुज़ार दी। उनकी बीवी और दोस्तों को भी यह मालूम नहीं होता था कि वे घर से निकले हैं, तो कब लौट कर वापिस आऐंगे। लोकगीतों के लिए देवेंद्र सत्यार्थी की दीवानगी और लगन कुछ ऐसी थी कि उन्होंने अपनी पूरी ज़िंदगी इन्हीं को इकट्ठा करने में न्यौछावर कर दी। एक-एक गीत को इकट्ठा करने में उन्होंने कई तकलीफ़ें, दुःख-दर्द सहे, पर हिम्मत नहीं हारी। अपने पीछे वे लोकगीतों का एक ऐसा भंडार छोड़ गए हैं, जिसकी दौलत कभी कम नहीं होगी। इन लोकगीतों का यदि अध्ययन करें, तो इनमें भारत की सभ्यता, संस्कृति, कला, रहन-सहन, रीति-रिवाज, ऋतुएँ, त्यौंहार, शादी-विवाह, खेती-बाड़ी आदि को आसानी से समझा जा सकता है। इन लोकगीतों में जैसे भारत की ज़िंदगी धड़कती है।

२८ मई, १९०८ को पंजाब के संगरूर ज़िले के भदौड़ में जन्मे देवेंद्र सत्यार्थी का असली नाम देव इंद्र बत्ता था। उच्च शिक्षा के लिए परिवार ने बड़े शौक से डी० ए० वी० कॉलेज लाहौर में उनका दाख़िला करवाया, लेकिन वहाँ देवेंद्र सत्यार्थी का दिल नहीं लगा। जब उनकी उम्र महज़ उन्नीस बरस थी, तब कॉलेज की पढ़ाई बीच में ही छोड़कर वह अपने घर से निकल गए। घर छोड़ने का मक़सद, लोकगीतों के प्रति उनकी दीवानगी और हद दर्ज़े का जुनून था। शायर इक़बाल, लेनिन और गुरुदेव रबींद्रनाथ टैगोर वे लोग थे, जिनका देवेंद्र सत्यार्थी की ज़िंदगी पर काफ़ी असर रहा। वे नौ की उम्र के ही थे, जब उन्होंने खु़दकुशी का इरादा कर लिया था। कुछ दोस्तों को जब यह बात मालूम चली, तो वे उन्हें पकड़ कर अल्लामा इक़बाल के पास ले गए। इक़बाल ने समझाया, तब जाकर उन्होंने खु़दकुशी का ख़याल अपने दिल से निकाला। बहरहाल, लेनिन की तालीमात से वाकिफ़ होकर, उनमें लोकगीतों को जमा करने की ख़्वाहिश जागी। गुरुदेव रबींद्रनाथ टैगोर को जब देवेंद्र सत्यार्थी ने अपने मन की बात बताई, तो उन्होंने उनके इस ख़याल को न सिर्फ़ सराहा, बल्कि हौसला-अफ़ज़ाई भी की। देवेंद्र सत्यार्थी के इस अजीब जुनून में उनके भाषाओं के ज्ञान ने काफ़ी मदद की। उन्हें कई भाषाएँ आती थीं। अंग्रेज़ी, हिंदी, उर्दू गुरुमुखी यानी पंजाबी के अलावा तमिल, मराठी, गुजराती पर भी उनकी अच्छी पकड़ थी। मौक़ा पड़ने पर वे किसी भी भाषा या बोली में संवाद कर सकते थे। अलबत्ता किसी भाषा की जानकारी न होने से उनके काम में कभी रुकावट नहीं आई। वे जहाँ जाते वहाँ किसी को भी पकड़ कर, उससे उन गीतों का अनुवाद जानते और उसे लिपिबद्ध कर देते।

यायावर देवेंद्र सत्यार्थी ने बरसों बरस बिना रुके, बिना थके घूम-घूमकर देश के कोने-कोने, गाँव-गाँव की यात्रा की और अनेक भाषाओं व क्षेत्रीय बोलियों के लाखों लोकगीत इकट्ठे किए। एक-एक लोकगीत के लिए उन्होंने बेहद मेहनत की। बिना किसी सहारे के अपने मक़सद में लगे रहे। शुरुआत पंजाबी लोकगीतों से की और उसके बाद अनेक भाषाओं के लोकगीतों के ख़जाने की तरफ़ बढ़े। भारत की तमाम भाषाओं के लोकगीत इकट्ठे हो गए, तो पड़ौसी देशों की लोक संस्कृति और लोकगीतों की जानने की चाहत जागी, उन्हें इकट्ठा करने निकल लिए। इस लोकयात्री ने तक़़रीबन ५० भाषाओं के हज़ारों गीतों का ऐसा ख़जाना तैयार किया है, जो साहित्य की अमूल्य निधि है। अकेले 'लोकगीत' ही नहीं 'लोककथा', 'लोक साहित्य', 'लोककला' और 'लोकयान' जैसे शब्दों के हिंदी में प्रचलन का श्रेय भी देवेंद्र सत्यार्थी को ही जाता है। अपने ज़माने में उनके लोकगीत संबंधी लेख, और इकट्ठा किए लोकगीत देश भर की मशहूर पत्र-पत्रिकाओं मसलन 'विशाल भारत', 'मॉडर्न रिव्यू' और 'एशिया' में आदर के साथ छपते थे। देवेंद्र सत्यार्थी के ये लेख 'मॉडर्न रिव्यू' जैसी दुनिया भर में मशहूर मैगेज़ीन में जब छपने को जाते, तो इसके संपादक रामानंद चटर्जी का अपने विभाग को यह साफ़ हुक़्म था, "सत्यार्थी जी द्वारा किए गए लोकगीतों के अनुवाद का एक भी शब्द इधर से उधर न किया जाए और न उन्हें बदला जाए, इसलिए कि लोकगीतों के हृदय को सत्यार्थी जी और उनके लिखे अल्फ़ाज़ ही सबसे बेहतर ढंग से खोल सकते हैं, कोई और नहीं।" देवेंद्र सत्यार्थी ने अपनी अटूट लगन और बेमिसाल काम से यह विश्वसनीयता और इज़्ज़त कमाई थी। बावजूद इसके उन्हें अपने इस काम का किसी भी तरह का कोई अहंकार नहीं था। वे हमेशा विनम्र बने रहे। अपने पहले लोकगीत-अध्ययन 'धरती गाती है' की भूमिका में उन्होंने बड़ी ही विनम्रता और सादगी से यह बात लिखी है, "आज सोचता हूँ कि कैसे इस लघु जीवन के बीस बरस भारतीय लोकगीतों से अपनी झोली भरने में बिता दिए, तो चकित रह जाता हूँ। कोई विशेष साधन तो था नहीं। सुविधाओं का तो कभी प्रश्न नहीं उठा था। फिर भी एक लगन अवश्य थी, एक धुन। आज सोचकर भी यह कहना कठिन है कि नए-नए स्थान देखने, नए-नए लोगों से मिलने की धुन अधिक थी या वस्तुतः लोकगीत-संग्रह करने की धुन। जो भी हो, मैंने निरंतर लंबी-लंबी यात्राएँ कीं। कई जनपदों में तो मैं दो-दो, तीन-तीन बार गया। इन्हीं यात्राओं में मैंने शिक्षा की कमी को भी पूरा किया।"

देवेंद्र सत्यार्थी ने जो लोकगीत इकट्ठा किए उनमें प्रेम, विरह, देशप्रेम, भाईचारा, गुलामी की फांस, साहूकारों-जमींदारों का शोषण और अंग्रेज़ी सरकार के विरोध के रंग भरे पड़े हैं, तो दूसरी तरफ़ अकाल, बाढ़ और सूखे के वर्णन भी हैं। देवेंद्र सत्यार्थी ने एक बार अंग्रेज़ी राज में हाहाकार करते देशवासियों के दर्द को बयाँ करते हुए, यह लोकगीत सुनाया, "रब्ब मोया, देवते भज्ज गए, राज फिरंगियाँ दा।" इस गीत को जब महात्मा गाँधी ने सुना, तो उन्होंने बेसाख़्ता यह टिप्पणी की, "अगर तराज़ू के एक पलड़े पर मेरे और जवाहरलाल के सारे भाषण रख दिए जाएँ और दूसरे पर अकेला यह लोकगीत, तो लोकगीत वाला पलड़ा ही भारी रहेगा।" देवेंद्र सत्यार्थी की ऊँचाई बतलाने के लिए यह सिर्फ़ एक बानगी भर है। वरना उनकी ज़िंदगी से जुड़े हुए ऐसे कई दिलचस्प और हैरान कर देने वाले किस्से हैं, जिन्हें बयाँ किया जाए, तो एक किताब भी कम पड़ जाए। घुमक्कड़ी के दौरान देवेंद्र सत्यार्थी की मुलाकातें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर से होतीं। वे उनसे लंबी चर्चाएँ करते। सत्यार्थी के काम की वे हमेशा सराहना करते और हौसला-अफ़ज़ाई भी। देवेंद्र सत्यार्थी की ज़िंदगी में एक दौर ऐसा भी आया था, जब शांति निकेतन उनके लिए दूसरे घर सरीखा हो गया। गुरुदेव उन्हें अक्सर शाम की चाय पर बुलाया करते थे। राजनेता ही नहीं देश के बड़े साहित्यकार साहिर लुधियानवी, सआदत हसन मंटो, कृश्न चंदर, हजारी प्रसाद द्विवेदी, अज्ञेय, रेणु और हरिवंश राय बच्चन आदि भी उनके बहुविध लेखन, लोकगीतों के प्रति समर्पण और उनकी बेदाग निष्ठा के लिए उन्हें मान-सम्मान देते थे।

मशहूर शायर-नग़मा निगार साहिर लुधियानवी ने अपनी ज़िंदगी में सिर्फ़ एक ही संस्मरण लिखा और वह सत्यार्थी पर ही था। इस संस्मरण में वे एक जगह अपने दोस्त देवेंद्र सत्यार्थी से जज़्बाती अंदाज़ में कहते हैं, "तुमने इन गीतों को गाँव के सीमित वातावरण से निकाल कर असीमित कर दिया है। तुमने एक मरती हुई सभ्यता की गोद में महकने वाले फूलों को खि़ज़ां के हाथों मिटने से बचा कर उनकी महक को अमर बना दिया है। यह तुम्हारा कारनामा है, आज़ाद और इश्तिराकी हिंदुस्तान में जब शिक्षा आम हो जाऐगी और औद्योगिक जीवन शबाब पर होगा, तो यही किसान जो आज तुम्हारे ख़यालों में तुम्हें जलती हुई आँखों से घूरते हैं, तुम्हें मुहब्बत और प्यार से देखकर मुस्कराऐंगे। उनके बच्चे तुम्हें श्रद्धा और सम्मान भाव से याद करेंगे और फु़र्सत के लम्हों में तुम्हारे इन लेखों और कहानियों को पढ़ेंगे। जिनमें तुमने उनके पूर्वजों के दिल की धड़कनें समो दी हैं और एक बार फिर वे उस सभ्यता की झलकियाँ देख सकेंगे, जो उस वक़्त नापैद हो चुकी होगी।" ('तरक़्क़ीपसंद सत्यार्थी', लेखक-साहिर लुधियानवी, त्रैमासिक 'उर्दू अदब', जनवरी-मार्च २०२१)

देवेंद्र सत्यार्थी की यायावरी के अनगिनत दिलचस्प किस्से हैं। एक मर्तबा लोकगीतों के वास्ते पाकिस्तान यात्रा पर गए। निकले तो थे एक पखवाड़े के लिए, मगर जब चार महीने तक वापिस नहीं लौटे, तो पत्नी को उनकी चिंता हुई। उन्होंने प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को पत्र लिखा, "मेरे पति की तलाश कराएँ।" बहरहाल, नेहरू ने सरकारी स्तर पर कोशिशें तेज कीं और उन्हें बुलवाया। आज़ादी से पहले ऑल इंडिया रेडियो के निदेशक सैयद अहमद शाह बुख़ारी यानी 'पतरस' बुख़ारी ने देवेंद्र सत्यार्थी से अपने इकट्ठा किए गए चुनिंदा लोकगीत ऑल इंडिया रेडियो को देने की इल्तिज़ा की। ताकि उन्हें उस दौर के बेहतरीन गायकों की आवाज़ में पेश किया जा सके। सत्यार्थी ने इस बात पर अमल करते हुए, अलग-अलग भाषाओं के एक हज़ार लोकगीत उन्हें दे दिए। मगर जब मानदेय की बात आई, तो उन्होंने इनका मानदेय लेने से यह कह कर मना कर दिया कि "ये तो आवाम का सरमाया है। इनके कॉपीराइट मेरे नहीं, भारत माता के हैं।" जबकि देवेंद्र सत्यार्थी को उस वक़्त पैसे की बहुत ज़रूरत थी। उनका परिवार गु़र्बत में जी रहा था।

देवेंद्र सत्यार्थी ने लोकगीतों को इकट्ठा करने के लिए की गईं बेशुमार यात्राओं और ज़िंदगी से हासिल तजुर्बों को कलमबंद कर तमाम साहित्य रचा। इस बहुभाषी लेखक ने साहित्य की अनेक विधाओं कविता, कहानी, उपन्यास, आत्मकथात्मक लेख, निबंध, रेखाचित्र, संस्मरण, यात्रा वृतांत और साक्षात्कार पर पचास से ज़्यादा किताबें लिखीं। पर इन सबके ऊपर लोकगीतों से मुहब्बत रही। पंजाबी में लोक साहित्य के क्षेत्र में उनकी चार किताबें 'गिद्धा', 'दीवा बले सारी रात', 'पंजाबी लोक साहित्य विच सैनिक' और 'लोकगीत दा जनम' प्रकाशित हुईं। वहीं 'धरती दीयाँ वाजाँ', 'मुड़का ते कणक', 'बुड्ढी नहीं धरती' और 'लक टुनूँ-टुनूँ' उनके काव्य-संग्रह हैं। देवेंद्र सत्यार्थी ने सैकड़ों कहानियाँ लिखीं। 'कुंगपोश', 'इकन्नी', 'नए देवता', 'कब्रों के बीचों बीच', 'जन्मभूमि', 'अन्न देवता', 'टिकुली खो गई', 'नए धान से पहले', 'सड़क नहीं बंदूक', 'चाय का रंग' उनकी चर्चित कहानियाँ हैं। कहानी-संग्रह की यदि बात करें, तो 'कुंगपोश', 'सोनागाची', 'देवता डिग पया', 'तिन बुहियाँ वाला घर', 'पेरिस दा आदमी', 'सूई बाजार', 'नीली छतरी वाला', 'लंका देश है कोलंबो' और 'संदली गली' आदि संग्रह में उनकी कहानियाँ संकलित हैं। देवेंद्र सत्यार्थी ने उपन्यास भी लिखे। 'रथ के पहिए', 'कठपुतली', 'ब्रह्मपुत्र', 'दूध-गाछ', 'घोड़ा बादशाह' और 'कथा कहो उर्वशी' उनके उपन्यास हैं। इन उपन्यासों में एक तरह से उनके लोक अनुभवों का ही विस्तार है। देवेंद्र सत्यार्थी ने अपनी आत्मकथा भी लिखी। 'चाँद-सूरज के बीरन' उनकी आत्मकथा है। यह एक अलग ही तरह की आत्मकथा है, जिसमें पंजाब और उसके लोकमानस के दीदार होते हैं।

देवेंद्र सत्यार्थी ने रेखाचित्र, संस्मरण और यात्रा-वृत्तांत भी ग़ज़ब के लिखे हैं। इन किताबों में उनकी घुमक्कड़ी की ऐसी-ऐसी दास्तानें बिखरी पड़ी हैं कि मंटो ने उनसे मुतासिर होकर एक बार सत्यार्थी को पत्र लिखा, "वह उनके साथ गाँव-गाँव, नगरी-नगरी घूमना चाहते हैं।" वहीं उर्दू अदब के बड़े अफ़साना निगार कृश्न चंदर ने उनसे एक बार हसरत भरे अल्फ़ाज़ों से कहा, "भाई, अपने सुख मुझे भी दे दो !" देवेंद्र सत्यार्थी हरफ़नमौला थे। उनमें एक साथ कई खू़बियाँ थीं। उन्होंने संपादन और अनुवाद-कला में भी हाथ आजमाया। 'आजकल' पत्रिका के संपादक रहे। उनके संपादन में निकले इस पत्रिका के 'बापू' और 'लोकरंग' विशेषांक आज भी याद किए जाते हैं। उनके संपादन में पत्रिका ने नई ऊंचाईयाँ छुईं। कथाकार प्रकाश 'मनु' ने देवेंद्र सत्यार्थी के साहित्य का श्रमसाध्य संपादन कर उनकी पूरी रचनावली तैयार की है। भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक जीवन में देवेंद्र सत्यार्थी का जो अमूल्य योगदान है, उसके लिए वे कई सम्मान और पुरस्कारों से सम्मानित किए गए। साल १९७७ में भारत सरकार ने लोकगीतों के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के मद्देनज़र 'पद्मश्री' सम्मान से नवाज़ा, तो इसी साल भाषा विभाग, पंजाब के द्वारा श्रेष्ठ हिंदी लेखक के रूप में उन्हें पुरस्कृत किया गया। साल १९८७ में पंजाबी अकादमी, दिल्ली ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ साहित्यकार के रूप में सम्मानित किया। साल १९८९ में हिंदी अकादमी की ओर से उन्हें विशेष सम्मान तो साल १९९९ में पंजाबी साहित्य सभा, नई दिल्ली ने आजीवन फेलोशिप प्रदान की।

देवेंद्र सत्यार्थी ने लोकगीत-संग्रह के अपने जुनून और दीवानगी की वजह से जो काम कर दिखाया, वह वाकई बेमिसाल है। एक अकेले शख़्स ने बिना किसी संस्था या सरकारी मदद के, अकेले अपने बूते जो किया, देश में उसकी कोई दूसरी मिसाल नहीं मिलती। हमारी अनमोल बौद्धिक संपदा जो वाचिक अवस्था में थी, उसको लिपिबद्ध करने का उन्होंने मुश्किल काम किया। एक लिहाज़ से कहें, तो वे आधुनिक भारत के सांस्कृतिक दूत हैं जिन्होंने देश भर में बिखरे लोकगीतों को इकट्ठा कर, देशवासियों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम किया। महात्मा गाँधी, देवेंद्र सत्यार्थी के इस काम को मुल्क की आज़ादी की लड़ाई का एक ज़रूरी हिस्सा मानते थे। वे बार-बार इस बात को जोर देकर कहते थे, "सत्यार्थी जी निरंतर गाँव-गाँव भटककर, लोकगीतों के संग्रह के जरिए भारत की आत्मा की जो खोज कर रहे हैं, वही तो आज़ादी की लड़ाई की बुनियादी प्रेरणा है। हम भारत की जिस विशाल जनता के दुख-दर्द की बात करते हैं, उसकी समूची अभिव्यक्ति तो अलग-अलग भाषाओं के लोकगीतों में ही होती है।" देवेंद्र सत्यार्थी को एक लंबी उम्र मिली। ९५ साल की उम्र में १२ फरवरी, २००३ को उन्होंने इस दुनिया से अपनी विदाई ली। हिंदी आलोचना के शिखर पुरुष हजारी प्रसाद द्विवेदी ने देवेंद्र सत्यार्थी की तारीफ़ में लोकगीत शैली में एक लंबी कविता लिखी थी। जिसका सार यह था, "जैसे सूर्य और चंद्रमा आकाश में अकेले होते हैं। वैसे ही सत्यार्थी भी अपने एकाकी पथ में अलग और अकेले हैं।" वहीं चिंतक वासुदेवशरण अग्रवाल ने देवेंद्र सत्यार्थी को जनपदीय भारत का सच्चा चक्रवर्ती बताया था। उनका कहना था, "जिनके रथ का पहिया अपनी ऊँची ध्वजा से ग्रामवासिनी भारतमाता की वंदना करता हुआ सब जगह फिर आया है।" जो लोग देवेंद्र सत्यार्थी के काम को अच्छी तरह से जानते हैं, उन्हें शायद ही इन सब बातों में कोई अतिश्योक्ति लगे।

लेखक परिचय
ज़ाहिद ख़ान

लेखक, पत्रकार ज़ाहिद ख़ान के सम-सामयिक मसलों पर देश भर की पत्र- पत्रिकाओं में हज़ार से ज़्यादा आलेख, निबंध, समीक्षाएँ आदि प्रकाशित हो चुकी हैं, और आज भी होती रहती हैं। इन्हें सामजिक मुद्दों पर सार्थक लेखनी चलाने के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित भी किया गया है।

12 comments:

  1. सारगर्भित आलेख

    ReplyDelete
  2. ज़ाहिद साहब आपने जो देवेन्द्र सत्यार्थी जी को ख़िराज-ए-'अक़ीदत पेश फरमाई है वह यक़ीनन क़ाबिले तारीफ़ है! एकनिष्ठ दरवेश के माफ़िक़ देवेन्द्र जी ने जो भारत की आत्मा का अक्स हमारे लिए दर्ज़ किया है वह अनमोल है!

    अनूप दा और अन्य सभी से एक गुज़ारिश कि हम देवेन्द्र जी के जन्मदिन 28 मई को लोकजीवन/लोकगीत दिवस या ऐसे किसी दिन की तरह मनाएँ, जलसा करें, अपनी माटी की धूम मचाएँ और देवेन्द्र जी को अपना अग्रज कहने का हक अदा करें!
    —-
    आप सब की राय जानने को उत्सुक!
    एक बार फिर से सबका शुक्रिया! 🙏🏻🍀

    ReplyDelete
  3. ज़ाहिद साहब, वाह! आपने क्या बेहतरीन अंदाज़ में देवेंद्र सत्यार्थी जी पर अपनी कलम चलाई है। देवेंद्र सत्यार्थी जी द्वारा किया गया काम निसंदेह अद्वितीय है और उसके लिए उन्हें जितनी बार नमन किया जाए वह कम होगा। आप ने काफी विस्तार से उनके जीवन और उनसे जुड़े लोगों के उनके बारे में विचार प्रस्तुत करके इस महान लोक-संस्कृति कर्मयोगी की एक शानदार तस्वीर उकेरी है। आपको इस लेख के लिए तहे दिल से शुक्रिया और बधाई।

    ReplyDelete
  4. महान साहित्यकार एवं लोक साहित्य के मर्मज्ञ देवेंद्र सत्यार्थी जी पर बहुत अच्छा लेख है। ज़ाहिद साहब को इस उम्दा लेख के लिये बहुत बहुत बधाई।

    ReplyDelete
  5. लोक साहित्य सहेजना जितना मुश्किल है, उतना ही ज़रूरी भी क्योंकि एक तरह से यह समाज के उस छिपे हुए जीवन का प्रतिबिंब है, जिस पर शायद वे नज़रें कभी पहुँच ही नहीं पातीं, जो केवल चकाचौंध के आगोश में ही उलझकर रह जाती है। देवेंद्र सत्यार्थी का जीवन उस प्रतिबिंब को सबके सामने लाकर प्रस्तुत करता है।
    घुमक्कड़ी में मग्न और आपनी धुन के पक्के ऐसे चक्रवर्ती पर बहुत अच्छा लेख सहेजा है आपने ज़ाहिद जी, आपको बहुत बधाई।

    ReplyDelete
  6. ज़ाहिद खान जी ने बड़े विस्तार और सारगर्भित रूप से यह आलेख लिखा है, देवेन्द्र सत्यार्थी जी के विषय में बताने के लिए उन्हें साधुवाद।

    ReplyDelete
  7. आदरणीय जाहिद साहब आपका लेख पढ़ कर वाह, वाह और सिर्फ वाह ही निकल रहा है। क्या खूबसूरत और दिलचस्प अंदाज, शब्द शैली में यह आलौकिक लेख गढ़ा गया है। कमाल है। आदरणीय देवेंद्र सत्यार्थी एक घुमंतू किस्म के लोकजीवन के सर्वाधिक प्रतिष्ठित साहित्यकार थे। सारा जीवन लोकगीत इकट्ठा करने में लगा दिया। यह खुमार और पागलपन उन्हें पाकिस्तान तक ले गया। फटेहाल, गरीबी की चौखट पर दिन काटनेवाले अलमस्त फ़क़ीर बहुभाषी सर्वांगीण साहित्यकार के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। इस खासमखास साहित्यकार की जीवनी से अवगत कराने के लिए जाहिद साहब का बहुत बहुत शुक्रिया। ख़ूबसारी शुभकामनाओ के साथ आपकी लेखनी को नमन

    ReplyDelete
  8. [6:47 pm, 12/02/2022] Harpreet Singh Puri: सुंदर आलेख है , ज़ाहिद जी। आपने सत्यार्थी जी की लोकगीत यात्रा का बड़ा रोचक एवं विस्तृत विवरण दिया है।तथ्यात्मक जनकारी भी है और सुंदर बयान भी। बधाई और शुभकामनाएँ।💐💐

    ReplyDelete
  9. ज़ाहिद जी, सीमित शब्दों और स्पष्ट भाषा में देवेंद्र जी पर रोचक, पाठक को बाँधकर रखने वाले आलेख के लिए आपको बधाई और शुभकामनाएँ। लोकगीतों के प्रति उनका समर्पण बहुत प्रशंसनीय है। उनकी साधना को नमन!

    ReplyDelete
  10. 'हिंदी भाषा शैली में व्यंग्य विनोद की नई धारा के जनक ' माने जाने वाले गोपाल जी का कितना सुंदर आलेख प्रस्तुत किया है आपने सूर्यकांत जी।
    आपकी एक-एक पंक्ति मानो स्वयं ही रस की धार है।
    बहुत बढ़िया।

    ReplyDelete
  11. बहुत ही उम्दा लेख ज़ाहिद जी।
    आपने सत्यार्थी जी की साहित्य यात्रा का बहुत सार्थक चित्र उकेरा है।
    साधुवाद!

    ReplyDelete

आलेख पढ़ने के लिए चित्र पर क्लिक करें।

कलेंडर जनवरी

Sun Mon Tue Wed Thu Fri Sat
            1वह आदमी उतर गया हृदय में मनुष्य की तरह - विनोद कुमार शुक्ल
2अंतः जगत के शब्द-शिल्पी : जैनेंद्र कुमार 3हिंदी साहित्य के सूर्य - सूरदास 4“कल जिस राह चलेगा जग मैं उसका पहला प्रात हूँ” - गोपालदास नीरज 5काशीनाथ सिंह : काशी का अस्सी या अस्सी का काशी 6पौराणिकता के आधुनिक चितेरे : नरेंद्र कोहली 7समाज की विडंबनाओं का साहित्यकार : उदय प्रकाश 8भारतीय कथा साहित्य का जगमगाता नक्षत्र : आशापूर्णा देवी
9ऐतिहासिक कथाओं के चितेरे लेखक - श्री वृंदावनलाल वर्मा 10आलोचना के लोचन – मधुरेश 11आधुनिक खड़ीबोली के प्रथम कवि और प्रवर्तक : पं० श्रीधर पाठक 12यथार्थवाद के अविस्मरणीय हस्ताक्षर : दूधनाथ सिंह 13बहुत नाम हैं, एक शमशेर भी है 14एक लहर, एक चट्टान, एक आंदोलन : महाश्वेता देवी 15सामाजिक सरोकारों का शायर - कैफ़ी आज़मी
16अभी मृत्यु से दाँव लगाकर समय जीत जाने का क्षण है - अशोक वाजपेयी 17लेखन सम्राट : रांगेय राघव 18हिंदी बालसाहित्य के लोकप्रिय कवि निरंकार देव सेवक 19कोश कला के आचार्य - रामचंद्र वर्मा 20अल्फ़ाज़ के तानों-बानों से ख़्वाब बुनने वाला फ़नकार: जावेद अख़्तर 21हिंदी साहित्य के पितामह - आचार्य शिवपूजन सहाय 22आदि गुरु शंकराचार्य - केरल की कलाड़ी से केदार तक
23हिंदी साहित्य के गौरव स्तंभ : पं० लोचन प्रसाद पांडेय 24हिंदी के देवव्रत - आचार्य चंद्रबलि पांडेय 25काल चिंतन के चिंतक - राजेंद्र अवस्थी 26डाकू से कविवर बनने की अद्भुत गाथा : आदिकवि वाल्मीकि 27कमलेश्वर : हिंदी  साहित्य के दमकते सितारे  28डॉ० विद्यानिवास मिश्र-एक साहित्यिक युग पुरुष 29ममता कालिया : एक साँस में लिखने की आदत!
30साहित्य के अमर दीपस्तंभ : श्री जयशंकर प्रसाद 31ग्रामीण संस्कृति के चितेरे अद्भुत कहानीकार : मिथिलेश्वर          

आचार्य नरेंद्रदेव : भारत में समाजवाद के पितामह

"समाजवाद का सवाल केवल रोटी का सवाल नहीं है। समाजवाद मानव स्वतंत्रता की कुंजी है। समाजवाद ही एक सुखी समाज में संपूर्ण स्वतंत्र मनुष्यत्व...